चंडीगढ़ | पुलिस में शामिल होने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी है. जल्द ही राज्य पुलिस में बंपर भर्ती की जाएगी. बता दें कि हरियाणा पुलिस भर्ती का मुद्दा विधानसभा सत्र में भी उठाया गया है. हरियाणा पुलिस में 7310 पदों पर भर्ती की जाएगी. इस बारे में आवश्यक मांग हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) को नोटिफिकेशन जारी करने के लिए भेज दी गई है. भर्ती प्रक्रिया जल्द ही पूरी होगी. हरियाणा में पुलिस कर्मचारियों की कमी को पूरा करने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.
सरकार ने दी हरी झंडी
राज्य के पुलिस विभाग में कुल 25631 कर्मचारियों के पद खाली हैं. सरकार ने 7310 पदों को भरने के लिए हरी झंडी दे दी है. राज्य में सरकारी भर्तियां करने के लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग और हरियाणा लोक सेवा आयोग ने भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके अतिरिक्त, 2908 पुलिस के पदों को भरने के लिए सरकार के पास प्रस्ताव विचाराधीन है. रानिया से इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला की तरफ से सरकार द्वारा राज्य में पुलिस विभाग में स्वीकृत पदों की कुल संख्या और वर्तमान पदों का ब्योरा जिलावार, विभिन्न श्रेणीवार पूछा गया है. विधायक की तरफ से पूछा गया कि इन खाली पदों को भरने के लिए कब तक भर्तियां होंगी.
पूछा गया सवाल
पुलिस डिपार्टमेंट में खाली पदों के कारण कानून व्यवस्था में कोई भी परेशानी ना आए, इसके लिए सरकार की तरफ से की गई अंतरिम व्यवस्था को लेकर भी सवाल पूछा गया है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तरफ से इस सवाल का जवाब देते हुए बताया गया कि राज्य के पुलिस विभाग में कुल 84,765 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 79063 वर्दीधारी और 5702 गैर वर्दीधारी पद स्वीकृत हैं. वर्तमान में कुल 25631 खाली पदों में से 23189 वर्दीधारी और 2442 गैर वर्दीधारी पद खाली हैं.
इतने पद हैं खाली
मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था बताते हुए कहा कि पुलिस बल की सहायता के लिए 11052 विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) और 10,196 होम गार्ड स्वयं सेवकों की तैनाती हुई है. मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए जवाब के मुताबिक पुलिस के वर्दीधारी संवर्ग में हरियाणा पुलिस सेवा के 357 में से 70 पद खाली है. निरीक्षक के 1309 स्वीकृत पद हैं, जिनमें से 142 पद खाली हैं. उप निरीक्षकों के 4953 पदों में से 1051 पद वेकन्ट हैं. सहायक उप निरीक्षकों के 7788 पद हैं जिनमें से 1106 पद खाली हैं.
FSL के 538 पद खाली
मुख्य सिपाही के 13597 में से अभी भी 6872 पद खाली हैं. सिपाही के कुल 51059 पद स्वीकृत हैं जिनमें से 13948 पदों पर कर्मचारी नहीं हैं. अगर गैर वर्दीधारी संवर्ग की बात करें, तो 5702 पद स्वीकृत हैं जिनमें से 2442 पद खाली हैं. एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी) के 684 में से 538 पद खाली हैं. मिनिस्टीरियल स्टाफ के 803 में से 231 और चतुर्थ श्रेणी के 4215 में से कुल 1673 पदों पर कर्मचारी नहीं हैं.
