चंडीगढ़ | हरियाणा में किसानों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. रबी सीजन में किसानों को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने की दिशा में सूबे की नायब सैनी सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है. सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के तहत राज्य में जौ और गेहूं की फसलों के लिए बीज वितरण से लेकर प्रदर्शन प्लांट और पौध व मृदा संरक्षण प्रबंधन तक पर किसानों को सब्सिडी का लाभ मिलेगा.
फसल उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा
उन्होंने बताया कि इस पहल से फसलों की पैदावार में बढ़ोतरी होगी और बेहतर किस्मों को बढ़ावा मिलने के साथ- साथ मिट्टी की उपजाऊ शक्ति बनाए रखने में मदद मिलेगी. इस संबंध में आगे जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि जौ की खेती को बढ़ावा देने के लिए झज्जर, चरखी दादरी, भिवानी, रोहतक, हिसार, सिरसा और पंचकूला जिलों को चयनित किया गया है.
इन जिलों में किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज, फसल प्रदर्शन इकाइयों और मृदा प्रबंधन तकनीकों पर सरकारी सहायता दी जाएगी. इसी तरह गेहूं के लिए मेवात, पलवल, झज्जर, चरखी दादरी, भिवानी, रोहतक, हिसार और अंबाला जिलों में किसानों को सब्सिडी दी जाएगी. इस योजना का उद्देश्य ज्यादा पैदावार और वैज्ञानिक तरीके से खेती को बढ़ावा देना रहेगा. किसान बिजाई की समय-सारणी के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.
आवेदन प्रक्रिया बेहद आसान
इच्छुक किसान कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर कुछ सरल चरणों में आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. साथ ही, हर जिले के कृषि विकास अधिकारी, ब्लॉक कृषि अधिकारी, उपमंडल कृषि अधिकारी और उप कृषि निदेशक के कार्यालयों में जानकारी और सहायता उपलब्ध रहेगी, ताकि ज्यादा- से- ज्यादा किसानों को योजना का लाभ मिल सके.
