चंडीगढ़ | हरियाणा की नायब सैनी सरकार ने पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है. कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने धान की कटाई के मौसम से पहले सभी कंबाइन मशीनों में सुपर स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम (सुपर- SMS) लगाना अनिवार्य कर दिया है. इस संबंध में कृषि विभाग के निदेशक द्वारा सभी उपायुक्तों, कृषि उपनिदेशकों और सहायक कृषि अभियंताओं को पत्र जारी कर इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं.
कंबाइन मशीन होगी जब्त
कृषि विभाग के निदेशक द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि सभी कंबाइन मालिक धान कटाई सीजन शुरू होने से पहले सुपर- SMS सिस्टम अपनी मशीनों में लगवा लें. बगैर इस सिस्टम के कोई कंबाइन मशीन खेत में चलती हुई पाई गई तो उसे जब्त कर लिया जाएगा. कंबाइन मशीन संचालकों को कटाई शुरू करने से पहले प्रमाणपत्र प्राप्त करना होगा.
क्या हैं सुपर- SMS?
सुपर- SMS धान की पराली को जड़ से काटकर खेत में समान रूप से फैला देता है, जिससे पराली को जलाए बिना सीधे गेहूं की बिजाई की जा सकती है. पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगेगा, तो वायु प्रदुषण में कमी आएगी और मिट्टी की उपजाऊ शक्ति भी बनी रहेगी.
किसानों पर जुर्माने का प्रावधान
हरियाणा सरकार द्वारा पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए गांव, ब्लॉक, तहसील और जिला स्तर पर निगरानी दल गठित किए गए हैं. वहीं, पराली जलाने वाले किसानों पर दो एकड़ तक की आग के लिए 5 हजार रुपए, पांच एकड़ तक 10 हजार रुपए और पांच एकड़ से ज्यादा आग के लिए 30 हजार रुपए जुर्माना का प्रावधान किया गया है. मेरी फसल- मेरा ब्यौरा पोर्टल पर उल्लंघनकर्ता के राजस्व रिकॉर्ड में रेड एंट्री भी दर्ज की जा रही है.
