चंडीगढ़ | हरियाणा में आज कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) परीक्षा की पहली शिफ्ट का आयोजन पूरा हुआ. पहली शिफ्ट का एग्जाम सुबह 10 बजे से 11.45 बजे तक चला. परीक्षार्थियों को एग्जाम सेंटर तक पहुंचाने के लिए सूबे की नायब सैनी सरकार द्वारा जबरदस्त इंतजाम किए गए हैं. सभी रोडवेज बसों को सीईटी परीक्षा की ड्यूटी में लगाया गया है, ताकि परीक्षार्थियों को एग्जाम सेंटर तक पहुंचाने में आसानी हो सके.
इन प्रश्नों का रहा ज्यादा बोलबाला
पेपर देने के बाद परीक्षार्थियों ने कहा कि पेपर में करंट अफेयर्स और कंप्यूटर से जुड़े सवाल ज्यादा पूछे गए हैं. परीक्षार्थियों ने पेपर को इजी टू मॉडरेट बताया तो कुछ ने कहा कि ऐसे सवालों की उन्हें उम्मीद नहीं थी. वहीं, सीईटी परीक्षा की पहली शिफ्ट के एग्जाम में लाडो लक्ष्मी योजना के बजट से जुड़ा सवाल भी पूछा गया है.
परीक्षार्थियों की मिश्रित प्रतिक्रिया आई सामने
कुछ महिला परिक्षार्थियों ने बताया कि हरियाणा GK से संबंधित 25 प्रश्न पूछे गए थे लेकिन ज्यादातर प्रश्न मुश्किल ही थे. हालांकि गणित और रीजनिंग के प्रश्नों को अभ्यर्थियों ने आसान बताया. वहीं, हिंदी और इंग्लिश ग्रामर से जुड़े प्रश्नों को अभ्यर्थियों ने ठीक- ठाक बताया. कुछ परीक्षार्थियों ने बताया कि पढ़ने वाले स्टूडेंट्स के लिए पेपर आसान ही था.
