फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद शहर में एचएसआईआईडीसी द्वारा ई- लाइब्रेरी की शुरुआत की जाएगी. यह प्रदेश की पहली ई- लाइब्रेरी होगी. हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा सेक्टर- 12 स्थित टाउन पार्क में इसका भवन बनाया गया था, लेकिन ई- लाइब्रेरी का काम शुरू नहीं हो पाया था. अब इसे जल्दी ही शुरू कर दिया जाएगा. इस पर करीब 2 करोड़ रुपए की लागत आने का अनुमान है. इसका टेंडर भी जारी हो चुका है.
दिसंबर तक शुरू होने का दावा
ऐसा दावा किया जा रहा है कि दिसंबर तक यह लाइब्रेरी शुरू हो जाएगी. एचएसआईआईडीसी और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ जिला उपायुक्त ने बृहस्पतिवार को निर्माण कार्य की समीक्षा की. इस दौरान जिला उपायुक्त ने जानकारी दी कि यह प्रदेश की पहली ऐसी ई- लाइब्रेरी होगी, जहां अत्यधिक सुविधाएं दी जाएंगी.
इसके अलावा, पुस्तक प्रेमियों को भी यहां बेहतर वातावरण मिल पाएगा. यहां बैठकर युवा अपने ज्ञान में बढ़ोतरी कर पाएंगे. लाइब्रेरी में एयर कंडीशन, हाई स्पीड इंटरनेट, फायरफाइटिंग सिस्टम और आरामदायक फर्नीचर जैसी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी.
2018 में हुआ शिलान्यास
25 दिसंबर 2018 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में इस लाइब्रेरी का शिलान्यास कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल द्वारा किया गया था. उसी समय 1 साल में इसका निर्माण पूरा होने की बात कही गई थी. शिलान्यास के लगभग 10 महीने बाद यहां जगह साफ कर ली गई थी और कार्य शुरू हो चुका था, लेकिन उसके बाद काम पूरा होने में देरी हुई.
इमारत को तैयार हुए लगभग 1 साल का समय हो चुका है, लेकिन फिर भी लाइब्रेरी संचालित नहीं हो पाई है. बता दें कि यहां पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से जुड़ी चीजों को सहेज कर रखा जाएगा. साथ ही, उनका एक छोटा स्टैचू भी लगाया जाएगा.
