हिसार | जिला एवं सत्र न्यायाधीश कार्यालय हिसार में चपरासी के 20 पदों के लिए भर्ती निकली है. इस भर्ती का विज्ञापन 28 जनवरी 2026 को जारी किया गया था, और आवेदन की अंतिम तिथि 11 फरवरी 2026 निर्धारित की गई थी. इस भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं पास रखी गई है. आयु सीमा 18 से 42 वर्ष तय की गई है. हैरानी वाली बात यह है कि चपरासी के इन 20 पदों के लिए हजारों की संख्या में युवा इंटरव्यू देने पहुंच रहे है.
21 फरवरी तक आयोजित होंगे इंटरव्यू
इनमें बीए एमए पास युवा भी शामिल है. इन पदों के इंटरव्यू की प्रक्रिया 17 से 21 फरवरी तक चलेगी. इंटरव्यू देने पहुंचे अभ्यर्थियों को रिमझिम बारिश ने परेशान कर दिया. हल्की बूंदाबांदी के चलते अभ्यर्थियों को कोर्ट परिसर में पार्किंग शेड के नीचे रुकना पड़ा. 20 पदों के लिए करीबन 6632 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है. ऐसे में रोजाना 1200 से 1300 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए बुलाए जा रहे हैं.
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
बुधवार सुबह से ही अदालत परिसर के बाहर लंबी लाइनें देखने को मिली. इंटरव्यू प्रक्रिया देर शाम छह बजे तक चली. अदालत प्रशासन की तरफ से डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन तथा इंटरव्यू को व्यवस्थित करने के लिए अलग- अलग काउंटर बनाए गए हैं और सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
