हिसार | किसानों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि हिसार स्थित चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में 21- 22 सितंबर को 2 दिवसीय कृषि मेला आयोजित हो रहा है. कृषि मेले का उद्घाटन सीएम नायब सैनी करेंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री नवनिर्मित मेला ग्राउंड का भी उद्घाटन करेंगे. इस ग्राउंड में मेले में आने वाले लोगों को पक्के रास्ते, हरी घास के मैदान, शौचालय और पेयजल जैसी सुविधाएं मिलेंगी.
300 से ज्यादा लगेंगे स्टॉल
HAU के नए मेला ग्राउंड में आयोजित इस कृषि मेले में कृषि औद्योगिक प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जहां 300 से ज्यादा कृषि संबंधित स्टॉल लगेंगे. इस प्रदर्शनी में खाद- बीज, उर्वरक, कीटनाशक, कृषि उपकरण और पशु चिकित्सा से जुड़ी निजी कंपनियां शिरकत करेंगी.
विभिन्न विश्वविद्यालयों और सरकारी विभागों की करीब 100 स्टॉल देखने को मिलेगी. इनमें आधुनिक कृषि पद्धतियों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी. यहां हरियाणा के प्रगतिशील किसान अपनी स्टॉल पर जैविक खेती, जहर मुक्त खेती और परंपरागत खेती का प्रदर्शन करेंगे और इससे जुड़ी जानकारियां किसानों से साझा करेंगे.
यह लोग होंगे शामिल
दो दिवसीय इस कृषि मेले में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा बतौर विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. मुख्यमंत्री नायब सैनी के आगमन के दौरान कृषि मेले में लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा और नलवा से बीजेपी विधायक रणधीर पनिहार भी उपस्थित रहेंगे.
