हिसार में आयोजित कृषि मेले का सीएम सैनी ने किया शुभारंभ, आकर्षण का केंद्र बनी यह चीजें

हिसार | हरियाणा की हिसार स्थित चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में आज से दो दिवसीय कृषि मेला शुरू हो गया है. मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इस कृषि मेले का शुभारंभ किया. इस मेले में दूरदराज इलाकों से आए किसान कृषि से संबंधित नई जानकारियां हासिल कर रहे हैं. मेले में प्रगतिशील किसानों को सम्मानित करने के दौरान मुख्यमंत्री ने बाढ़ और जलभराव से प्रभावित किसानों को 15 हजार रुपए प्रति एकड़ मुआवजा राशि देने की घोषणा की.

Kisan Mela

मेले का आकर्षण बनी यह चीजें

HAU के नए मेला ग्राउंड में आयोजित कृषि मेले में 12 फीट की ज्वार और 10 फीट की बाजरा की फसल आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. किसान इनके साथ बड़े चाव से सेल्फी लेते नजर आए. इस मेले में 200 स्टॉल प्राइवेट कंपनियों द्वारा और 75 स्टॉल हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय करनाल, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, उद्यान विभाग और मत्स्य विभाग द्वारा लगाई गई है.

पूरे हरियाणा से आए प्रगतिशील किसानों की स्टॉल भी कृषि मेले में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. इन स्टॉल पर जैविक खेती, जहर मुक्त खेती और परंपरागत खेती तथा तकनीक एवं उपकरण प्रदर्शित किए गए हैं. यहां किसान इन प्रगतिशील किसानों से उनकी कामयाबी से जुड़ी जानकारी हासिल कर रहे हैं. इस कृषि मेले में हरियाणा ही नहीं बल्कि दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश सहित कई अन्य राज्यों से भी किसान पहुंचे हुए हैं.

यह भी पढ़े -  हरियाणा के किसानों के लिए खुशखबरी, प्राकृतिक खेती पर मिलेगी आर्थिक सहायता

CM के संबोधन की बड़ी बातें

कृषि मेले में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंचे सीएम नायब सैनी ने चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय को हिंदुस्तान का गौरव बताया. उन्होंने कहा कि यहां के वैज्ञानिकों ने कृषि के विकास और किसानों की समस्याओं के समाधान खोजने के लिए निरंतर शोध किए हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और हरियाणा की सरकार किसानों को वैकल्पिक फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित कर रही है. इसके लिए अनेक योजनाएं चलाई गई है. वहीं, पराली प्रबंधन के लिए भी ठोस प्रयास किए गए हैं. उन्होंने कृषि वैज्ञानिकों से आह्वान करते हुए कहा कि विभिन्न फसलों के लिए ऐसी किस्में विकसित करें जो जलभराव और सूखे की स्थिति में भी पैदावार कर सकें.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.