ज्योतिष डेस्क, Vastu Tips For Child | बच्चों का पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करना कई बार माता- पिता के लिए चुनौती बन जाता है. पढ़ने के लिए कहने के बावजूद बच्चे जल्दी बोर हो जाते हैं या उनका ध्यान दूसरी चीजों में भटकने लगता है. ऐसे में बेहतर पढ़ाई के लिए नियमित अभ्यास और सही दिनचर्या के साथ सकारात्मक माहौल भी जरूरी माना जाता है. वास्तु शास्त्र में पढ़ाई से जुड़े कुछ शुभ चिह्नों का भी उल्लेख मिलता है.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, किताब या कॉपी के पहले पन्ने पर इन चिह्नों को बनाने से सकारात्मक वातावरण बनता है और मन को एकाग्र रखने में मदद मिल सकती है. हालांकि, बच्चों की पढ़ाई में सफलता के लिए मेहनत और निरंतर अभ्यास सबसे जरूरी है.
किताब पर बनाएं चिन्ह
हिंदू धर्म में ॐ को बेहद पवित्र माना जाता है. इसे शांति, आध्यात्मिक ऊर्जा और एकाग्रता से जोड़कर देखा जाता है. मान्यता है कि ॐ का स्मरण करने या इसे देखने से मन को शांत रखने में मदद मिलती है. बच्चे की किताब या कॉपी के पहले पन्ने के ऊपरी हिस्से में बीच में ॐ का चिह्न बनाया जा सकता है. इसे रोली, कुमकुम या लाल चंदन से बनाना शुभ माना जाता है.
स्वस्तिक माना जाता है शुभ
स्वस्तिक को हिंदू धर्म में मंगल और शुभता का प्रतीक माना गया है. इसे भगवान गणेश और सकारात्मक ऊर्जा से भी जोड़ा जाता है. मान्यता के अनुसार, किताब के पहले पन्ने पर सही आकार का स्वस्तिक बनाने से शुभ भाव बना रहता है. स्वस्तिक बनाते समय चारों भुजाओं का समान होना और बीच में चार बिंदु बनाना महत्वपूर्ण माना जाता है. ‘ऐं’ को माता सरस्वती का बीज मंत्र माना जाता है. माता सरस्वती विद्या और ज्ञान की देवी हैं, इसलिए पढ़ाई से जुड़ी किताबों पर ‘ऐं’ लिखना शुभ माना जाता है. वहीं ‘श्रीं’ को समृद्धि और शुभता से जोड़कर देखा जाता है.
रोली या केसर का तिलक
किताब के पहले पन्ने पर रोली, चंदन या केसर का छोटा तिलक भी लगाया जा सकता है. धार्मिक मान्यताओं में इन्हें शुभ माना गया है. केसर और हल्दी का संबंध गुरु ग्रह से माना जाता है, जिसे ज्ञान और शिक्षा का कारक बताया गया है. इन उपायों को धार्मिक आस्था के तौर पर अपनाया जा सकता है, लेकिन बच्चों की पढ़ाई में बेहतर परिणाम के लिए नियमित पढ़ाई, पर्याप्त नींद, अभ्यास और अनुशासन सबसे अहम हैं.
