पंचकूला | माता मनसा देवी के भक्तों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. जो श्रद्धालु माता को चोला अर्पित करना चाहते हैं, उनके लिए ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. इस संबंध में जानकारी देते हुए श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड की मुख्य प्रशासक एवं उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने बताया कि बोर्ड के अधीन आने वाले मंदिरों में चोला अर्पण के लिए ऑनलाइन बुकिंग जल्द शुरू की जाएगी.
11 जून से शुरू होगी बुकिंग
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए श्री माता मनसा देवी मुख्य मंदिर, पटियाला मंदिर, सती मंदिर (पंचकूला), श्री काली माता मंदिर (कालका) और श्री चण्डी माता मंदिर (चण्डी मंदिर) में चोला अर्पण के लिए ऑनलाइन बुकिंग 11 जून 2025 को सुबह 10:00 बजे से शुरू होगी. इसके बाद, चोला अर्पण की प्रक्रिया 16 जून से 5 जुलाई 2025 के बीच चलेगी. यह बुकिंग ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर की जाएगी.
ऐसे करवाएं ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
जो भक्त रजिस्ट्रेशन करवाना चाहते हैं, वे श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.mansadevi.org.in पर जाकर कर सकते हैं. वेबसाइट के होम पेज पर ‘ऑनलाइन चोला बुकिंग’ लिंक पर क्लिक कर श्रद्धालु अपनी जानकारी भरकर आसान प्रक्रिया से बुकिंग करवा सकेंगे. इस सुविधा से दूर- दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी लाभ मिलेगा और उन्हें मंदिर में चोला अर्पण की सुविधा समय पर मिल सकेगी.
श्रद्धाल समय पर करवाएं पंजीकरण- उपायुक्त
उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने भक्तों से अपील की है कि वे समय पर रजिस्ट्रेशन कर इस सुविधा का लाभ उठाएं. पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर पूरे देश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है. हर साल हजारों की संख्या में भक्त माता के दर्शन और चोला अर्पण के लिए यहां आते हैं. ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू होने से भक्तों को न केवल सुविधा होगी, बल्कि मंदिर प्रशासन को भी व्यवस्था बनाए रखने में आसानी होगी.
