पंचकूला, Haryana CET 2025 | हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा 26 और 27 जुलाई 2025 को प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट CET परीक्षा का सफलतापूर्वक संचालन करवाया गया. इस दौरान कई परीक्षार्थी ऐसे भी रहे, जिन्होंने भूलवश कुछ गलतियां कर दीं. अब कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष ने ऐसे अभ्यर्थियों को राहत देने का आश्वासन दिया है.
इन गलतियों पर किया जाएगा विचार
वीरवार को आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए जानकारी दी कि आयोग के संज्ञान में यह बात आई है कि कई अभ्यर्थियों ने गलती से अपना रोल नंबर या बुकलेट नंबर गलत भर दिया है. उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि आयोग हर अभ्यर्थी के साथ है और यह सुनिश्चित करने की कोशिश रहेगी कि किसी अभ्यर्थी को इस तरह की गलतियों की वजह से नुकसान न हो.
आयोग द्वारा इसके लिए एक पोर्टल खोला जाएगा, जिसमें अभ्यर्थी अपनी गलतियों को सुधार सकेंगे. इस पोर्टल के जरिए अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्रों में भी सुधार का मौका मिलेगा.
उत्तर कुंजी को लेकर मांगी गई आपत्तियां
बुधवार देर रात आयोग के अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए CET परीक्षा की व्यवस्थाओं को लेकर सर्वे की जानकारी दी. साथ ही, उन्होंने परीक्षार्थियों से आगामी परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर सुझाव भी मांगे हैं. CET परीक्षा के समापन के बाद आयोग द्वारा उत्तर कुंजी को लेकर दावे और आपत्तियां मांगी गई हैं. अभ्यर्थी शुक्रवार रात 11:59 बजे तक अपनी आपत्ति दर्ज कर सकते हैं.
