पंचकूला | हरियाणा में जो नागरिक 70 वर्ष या उससे ज्यादा उम्र के हैं, ऐसे वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के संयुक्त प्रयास से विशेष आयुष्मान कार्ड (Ayushman Card) जारी किए जा रहे हैं. अभी तक पंचकूला के 70 वर्ष से ज्यादा उम्र के वृद्ध नागरिकों को यह कार्ड प्रदान किया जा चुका है. इससे उन्हें 5 लाख रुपये तक की फ्री चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल पाएगा.
ई- केवाईसी प्रक्रिया से बन रहे कार्ड
इस विषय में जानकारी देते हुए जिला सिविल सर्जन मुक्ता कुमार ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत 70 वर्ष आयु वर्ग के सभी नागरिक पात्र माने जाएंगे. आधार आधारित ई- केवाईसी प्रक्रिया के तहत इन कार्डों को बनाया जा रहा है. उनके लिए ब्लॉक एवं जिला स्तरीय सरकारी अस्पतालों में आयुष्मान मित्रों की सेवाएं उपलब्ध करवा दी गई हैं. विशेष आयुष्मान कार्ड के जरिए वरिष्ठ नागरिक सरकारी एवं सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं.
जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है, “यह अभियान वरिष्ठ नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. पंचकूला जिला प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र नागरिक इस सुविधा से वंचित न रहे.”
ऐसे बनवाएं आयुष्मान कार्ड
यदि आप इस योजना के तहत पात्र हैं, तो अपना आधार कार्ड और मोबाइल नंबर लेकर निकटतम सरकारी अस्पताल, सीएससी सेंटर या विशेष शिविर में जाकर आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं. किसी भी प्रकार की सहायता की जरूरत पड़ने पर आयुष्मान मित्र की मदद ली जा सकती है. अधिक जानकारी के लिए जिला आयुष्मान हेल्पलाइन 14555 / 1800- 111- 565 या वेबसाइट www.pmjay.gov.in पर संपर्क किया जा सकता है.
