पंचकूला | हरियाणा में पुलिस भर्ती की तैयारियों में जुटे युवाओं के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. बताया जा रहा है कि हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (HSSC) द्वारा पुलिस कॉन्स्टेबल के साढ़े 5 हजार पदों पर भर्ती के PMT और PST का शेड्यूल अगले महीने के पहले सप्ताह में घोषित किए जाने की उम्मीद है. HSSC ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी है.
खेल विभाग से मांगे कोच
हरियाणा पुलिस भर्ती की फिजिकल प्रकिया को सम्पन्न कराने के उद्देश्य से HSSC ने खेल विभाग निदेशक से पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम के बॉस्केटबॉल और वॉलीबाल हॉल की डिमांड की हैं. वहीं, लंबे टेस्ट शेड्यूल के लिए ड्यूटी देने को खेल विभाग से कोचों की डिमांड भी की गई है.
हाल ही में खेल विभाग के संयुक्त निदेशक अश्विनी मलिक के साथ HSSC चेयरमैन हिम्मत सिंह के साथ बैठक हुई थी जिसमें पंचकूला स्टेडियम में उपलब्ध सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई है. HSSC की एक टीम ने ताऊ देवीलाल स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों का जायजा भी लिया है.
ढाई लाख से ज्यादा युवाओं ने किया आवेदन
साढ़े 5 हजार पदों पर पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती को लेकर HSSC अलग- अलग कंपनियों से टाइअप करने में जुटा हुआ है. छाती और हाइट मापने वाली मशीनें जल्द HSSC को मिलने की संभावना है. भर्ती में शामिल होने वाले युवाओं के लिए गर्मी के मौसम में बाहर ठहराव हेतु टैंट सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी. हरियाणा पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती के लिए 2.70 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है.
