पंचकूला | हरियाणा के सरकारी स्कूल अब प्राइवेट स्कूलों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं. राज्य सरकार (Haryana Govt) द्वारा शुरू किया गया सुपर- 100 कार्यक्रम मेधावी विद्यार्थियों के लिए एक सुनहरा अवसर साबित हो रहा है. इस कार्यक्रम के तहत, बैच 2025- 27 के विद्यार्थियों के चयन के लिए परीक्षा 5 फरवरी को आयोजित की जाएगी. शिक्षा निदेशालय ने इस परीक्षा के लिए राज्यभर में 149 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए हैं.
माइक्रोसॉफ्ट से काजल को मिला 31 लाख का ऑफर
इस कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा की गई थी, जिसे वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आगे बढ़ाया है. इस योजना के माध्यम से सरकारी स्कूलों के छात्रों को उच्च शिक्षा और करियर के बेहतरीन अवसर मिल रहे हैं. साल 2023 में इसी कार्यक्रम की छात्रा काजल को माइक्रोसॉफ्ट ने 31 लाख रुपये सालाना के पैकेज पर नियुक्त किया था.
पहले बैच के ही एक और छात्र प्रवीण को सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर 18 लाख रुपये सालाना का पैकेज मिला था. वहीं, साल 2024 में इस कार्यक्रम के तहत 62 विद्यार्थियों ने JEE एडवांस्ड और 90 विद्यार्थियों ने NEET परीक्षा उत्तीर्ण की थी.
परीक्षा का शेड्यूल
राज्य में आयोजित होने वाली सुपर- 100 परीक्षा के लिए 67,800 विद्यार्थी पंजीकृत हैं. परीक्षा वाले स्कूलों में इस दिन अवकाश रहेगा. परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर अपना एडमिट कार्ड, आधार कार्ड की कॉपी, दो पेन और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लानी होगी.
परीक्षा सुबह 11:30 से 1:30 बजे तक आयोजित की जाएगी. परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा. लेट पहुंचने वाले विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा. यदि किसी विद्यार्थी को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में परेशानी आती है, तो वह रजिस्ट्रेशन के दौरान मिले फोन मैसेज को दिखाकर भी परीक्षा में बैठ सकता है.
