पंचकूला | सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ से सटे हरियाणा के पंचकूला (Panchkula) से आमजन के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. गर्मियों के मौसम में पानी की बढ़ती डिमांड को देखते हुए 15 अप्रैल से 30 जून तक पंचकूला नगर निगम द्वारा स्पेशल जल संरक्षण अभियान चलाया जाएगा. इस अभियान के तहत पानी की बर्बादी करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई करने का फैसला लिया गया है.
पानी की बर्बादी पर होगी कार्रवाई
पंचकूला नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि स्पेशल जल संरक्षण अभियान के तहत पानी की बर्बादी करने वाले लोगों पर 5 हजार रूपए जुर्माना लगाया जाएगा. वहीं, बार-बार इस नियम का उल्लघंन करने वाले लोगों का पानी का कनेक्शन काटने का निर्णय लिया गया है. इस अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण को बढ़ावा देते हुए हर घर तक पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करना रहेगा.
उन्होंने बताया कि गर्मी सीजन की शुरुआत होने के साथ ही पंचकूला शहर के कई इलाकों में जलसंकट की स्थिति उत्पन्न होने लगी है. पंचकूला सिटीजंस वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष एस. के. नैयर ने बताया कि सेक्टर- 10, 11, 12 और 15 में पहली और दूसरी मंजिलों तक पानी की आपूर्ति सुचारु नहीं हो रही है.
टोल फ्री नंबर जारी
रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष बी. एस. नेगी ने बताया कि घग्गर पार के सेक्टरों में भी पानी का प्रेशर लगातार कम हो रहा है और तापमान बढ़ने के साथ समस्या और गंभीर हो सकती है. नगर निगम ने लोगों से पानी बचाने की अपील की है. शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल फ्री नंबर 1800-180-5678 जारी किया है.
