रेवाड़ी | दक्षिण हरियाणा के रेवाड़ी शहर में खुद के घर का सपना देख रहे लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की ओर से बावल रोड पर एक और कमर्शियल सेक्टर विकसित किया जाएगा. सेक्टर- 17 के रूप में इसको विकसित किया जाएगा और इसके लिए 18 करोड़ रुपए का अनुमानित बजट राशि जारी की गई है.

HSVP के कार्यकारी अभियंता ने इस्टेट अधिकारी को पत्र भेजकर डिमार्केशन का प्लान मांगा गया है. उसके बाद ही अन्य टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
आज भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव
शहरवासियों का कहना है कि HSVP नया सेक्टर विकसित कर रहा है, परंतु सालों पहले विकसित किए गए कमर्शियल सेक्टर- 5 और लघु सचिवालय के पीछे कमर्शियल साइट तथा सेक्टर- 18 की कमर्शियल साइटों में आज भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है. सेक्टर- 5 में न तो सार्वजनिक शौचालय की सुविधा हैं और ना ही कोई पार्क विकसित किया गया है. जगह- जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं और सड़कें गढ्ढों में तब्दील हो चुकी है.
कमर्शियल साइट
कमोबेश यही हालात लघु सचिवालय के पीछे विकसित की गई कमर्शियल साइट का भी है. कई बार इसको लेकर HSVP को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है. लोगों का कहना है कि क्या इस नए सेक्टर को पूरी तरह से विकसित किया जाएगा या फिर उपरोक्त जगहों की तरह ही बदहाल स्थिति में छोड़ दिया जाएगा.
कमर्शियल सेक्टर को विकसित करने का कार्य एक्शन कार्यालय के माध्यम से किया जा रहा है. कमर्शियल साइटों को भी विकसित करने पर ध्यान दिया जा रहा है- दीपक घनघस, संपदा अधिकारी, HSVP रेवाड़ी