सोनीपत | हरियाणा में किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. प्रदेश की अनाज मंडियों में 22 सितंबर से पीआर धान की सरकारी खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर शुरू हो रही है. मेरी फसल- मेरा ब्यौरा पोर्टल पर रजिस्टर्ड किसानों की फसल को ही सरकारी भाव पर खरीदा जाएगा. सरकार ने 2 एजेंसियों को पीआर धान की खरीद करने के आदेश दिए हैं.
यह रहेगी MSP
हरियाणा राज्य सहकारी आपूर्ति एवं विपणन संघ लिमिटेड (हैफेड) और हरियाणा वेयरहाउस कार्पोरेशन की ओर से पीआर धान की सरकारी खरीद की जाएगी. सामान्य किस्म के धान के लिए किसानों को 2369 रुपए प्रति क्विंटल और A ग्रेड किस्म के लिए 2389 रुपए MSP मिलेगी.
सोनीपत में 7 खरीद केंद्र
यहां प्रदेश सरकार की ओर से 4 मंडियों और 3 खरीद केंद्रों पर पीआर धान की सरकारी खरीद करने के आदेश जारी हुए हैं. कथूरा व जाखौली खरीद केंद्र में धरातल पर खरीद केंद्र नाम की कोई व्यवस्था अभी तक नजर नहीं आ रही है.
किसानों के लिए बेहतर व्यवस्था
जिला प्रशासन ने बताया कि मंडियों में फसल लेकर आने वाले किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी. किसानों को साफ पेयजल के लिए सोनीपत की नई अनाज मंडी में वाटर कूलर लगाए गए हैं. इसके अलावा, सुलभ शौचालय की व्यवस्था की गई है. साफ- सफाई और सड़कों की मरम्मत की गई है. किसानों के लिए वातानुकूलित विश्राम गृह बनाया गया है.
