सोनीपत | हरियाणा की मंडियों में सरसों की आवक रफ्तार पकड़ चुकी है. प्रदेशभर की अनाज मंडियों में 28 मार्च से सरसों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर सरकारी खरीद शुरू हो चुकी है. केंद्र सरकार द्वारा सरसों का सरकारी रेट 6,200 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है. हालांकि, प्राइवेट एजेंसियों द्वारा जमकर सरसों खरीदी जा रही है और किसानों को MSP से भी ज्यादा भाव मिल रहा है.
सोनीपत में बना नया रिकॉर्ड
सोनीपत जिले की गोहाना अनाज मंडी की बात करें तो यहां सोमवार को नया रिकॉर्ड स्थापित हुआ है. यहां सरसों बिक्री के दौरान गांव तिहाड़ मलिक के किसान विकास मलिक को 7,015 रुपए प्रति क्विंटल का रिकॉर्ड तोड भाव मिला है. फिलहाल प्रदेश की लगभग सभी मंडियों में सरसों MSP से ज्यादा ही भाव पर बिक रही हैं.
7 हजार रुपए प्रति क्विंटल का रिकॉर्ड तोड भाव मिलने से गोहाना मंडी में सुर्खियों में छाए किसान विकास मलिक ने ऊंचा भाव मिलने पर खुशी जाहिर की है. उन्होंने बताया कि उनकी सरसों फसल की गुणवत्ता बहुत अच्छी थी और इसी वजह से उन्हें टॉप का भाव मिला है.
फसल सुखाकर लाए किसान
गोहाना मंडी के मार्केट कमेटी सचिव ने बताया कि सरसों किसानों को सरकारी भाव से ज्यादा भाव ही मिल रहा है. किसानों की सरसों प्रति क्विंटल 300- 500 रुपए तक ज्यादा बिक रही हैं. इससे किसानों को आर्थिक फायदा पहुंचेगा. उन्होंने किसानों से आग्रह करते हुए कहा कि वे अपनी सरसों की फसल को अच्छी तरह से सुखाकर मंडी में लाएं ताकि उन्हें उचित भाव मिल सके.
किसानों को फसल बिक्री में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए मंडी में पूरे इंतजाम किए गए हैं. बिजली- पानी, पक्की सड़कें, साफ- सुथरे शौचालय जैसी सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है. वहीं, अटल कैंटीन में किसानों को मात्र 10 रुपए में भरपेट भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है.
