बासमती धान के भाव में तेजी से किसानों के चेहरों पर छाई खुशियां, आढ़तियों को भी फायदा

सोनीपत | हरियाणा में धान उत्पादक किसानों के लिए लंबे समय बाद राहत भरी खबर सामने आई है. गोहाना अनाज मंडी की बात करें, तो यहां इन दिनों बासमती धान की किस्मों 1121 और 1718 सहित अन्य किस्मों के भाव में तेजी से किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई हैं. यहां धान के भाव में लगातार बढ़ोतरी दर्ज हो रही है.

Dhan Paddy

किसानों ने जताई खुशी

पिछले कुछ दिनों से बाजार में बासमती धान के भाव में 300 से 400 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी देखी गई है, जिसका सीधा फायदा किसानों को मिल रहा है. इस बढ़ोतरी से एक बार फिर किसानों के चेहरे खिल उठे हैं. सीजन की शुरुआत में बासमती धान का भाव उम्मीद के मुताबिक नहीं मिलने से किसानों के चेहरे मुरझाए हुए थे, लेकिन अब भाव में तेजी से काफी हद तक राहत मिलती दिख रही है.

अनाज मंडियों में भाव में बढ़ोतरी को देखते हुए किसानों के आवागमन में भी इजाफा हो रहा है. सुबह से ही किसान अपने ट्रैक्टर- ट्रालियों और वाहनों में धान की फसल लेकर मंडियों में पहुंच रहे हैं, ताकि समय रहते भाव में बढ़ोतरी का फायदा उठाया जा सके. किसानों का कहना है कि भाव में बढ़ोतरी से राहत पहुंचेगी, क्योंकि इस सीजन खेती पर खाद- बीज सहित अन्य काफी खर्च हुआ है. ऐसे में भाव में हुई बढ़ोतरी उनकी मेहनत की भरपाई करने का काम करेगी.

आढ़तियों को भी फायदा

इन दिनों मंडियों में किसान हाथ कटाई का धान अच्छी तरह से सुखाकर मंडियों में लेकर पहुंच रहे हैं, जिसके चलते बासमती धान की किस्मों के भाव में 300- 400 रुपए प्रति क्विंटल तक बढ़ोतरी हो रही है. वहीं, आढ़तियों का कहना है कि भाव में बढ़ोतरी का किसानों के साथ- साथ हमें भी फायदा पहुंचेगा क्योंकि उनकी आढ़त में बढ़ोतरी होगी. किसान घर पर स्टॉक किया हुआ धान लेकर मंडी में पहुंच रहे हैं और भाव में तेजी का फायदा उठा रहे हैं. किसानों ने बताया कि इस बार लगातार बारिश से पैदावार प्रभावित हुई है, लेकिन अब उंचा भाव मिलने से कुछ हद तक आर्थिक नुकसान की भरपाई हो सकेगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.