हिसार | हरियाणा में इस बार मानसून सीजन खासा मेहरबान रहा है. 10 अगस्त तक प्रदेश में औसत से 16% ज्यादा बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अब तक 297.9 एमएम बरसात रिकार्ड की गई है, जबकि इसी अवधि में औसतन 257.2 एमएम बारिश होनी चाहिए थी. सबसे ज्यादा बरसात यमुनानगर में 636.4 एमएम और महेंद्रगढ़ में 548.1 एमएम दर्ज की गई. वहीं, सबसे कम बरसात कैथल में 154.2 एमएम और जींद में 158.8 एमएम रिकार्ड की गई.
8 जिलों में आज येलो अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने 11 अगस्त को प्रदेश के 8 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इनमें पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल शामिल हैं. विभाग का कहना है कि 14 अगस्त तक मौसम खराब रहने के आसार बने हुए हैं.
अगले 3 दिन ऐसा रहेगा मौसम
12 अगस्त को सिरसा और फतेहाबाद में मौसम साफ रहेगा. वहीं हिसार, भिवानी, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में 0 से 25% बारिश की संभावना है. पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में 25 से 50% बारिश के आसार हैं.
13 अगस्त को पंचकुला, यमुनानगर, अंबाला और करनाल में येलो अलर्ट रहेगा. सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में 0 से 25% तथा कुरुक्षेत्र, कैथल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल में 25 से 50% बारिश की आशंका है.
14 अगस्त को भी मौसम इसी तरह का रहने की संभावना है.
