रेवाड़ी | हरियाणा के रेवाड़ी जिले से एक भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां गांव प्राणपुरा (गोपालपुरा) में दो भाईयों ने प्यार से एक साथ जीवनयापन किया और जब मौत की घड़ी आई तो दोनों ने एक साथ ही दुनिया को अलविदा कह दिया. छोटे भाई की मौत का गम बड़ा भाई सहन नहीं कर सका और उसने भी 15 मिनट बाद अपने प्राण त्याग दिए.

दोनों में था गहरा लगाव
गांव प्राणपुरा में 2 भाई भोलूराम और प्रभूदयाल एक साथ रहते थे और दोनों भाईयों के प्रेम की गांव मिसाल देता था. दोनों के बीच इस कदर लगाव था कि एक- दूसरे के बिना रहना ही मंज़ूर नहीं था. छोटा भाई 74 वर्षीय प्रभूदयाल लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहा था और इसके चलते उसकी मौत हो गई.
छोटे भाई की मौत की खबर सुनते ही बड़ा भाई 84 वर्षीय भोलूराम एकदम से गहरे सदमे में आ गया और बोला कि भाई मुझे अकेला छोड़कर कहां जा रहा है, मैं भी साथ आ रहा हूं. इतना कहने के बाद वह गुमशुम होकर बैठ गया और 15 मिनट बाद उसने भी दुनिया को अलविदा कह दिया.
हर कोई भावुक हो गया
प्रभूदयाल के बेटे राकेश कुमार ने बताया कि पापा का ताऊ भोलूराम के साथ बचपन से ही गहरा लगाव था और एक- दूसरे के बिना नहीं रह सकते थे. जब आखिरी समय नजदीक आया तब भी दोनों ने इस साथ को निभाते हुए दुनिया को अलविदा कहा. दोनों भाईयों की एक साथ चिता जलाई गई तो श्मशान घाट में उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गई.