हरियाणा में पेंशन लाभार्थियों का घर बैठे होगा वेरिफिकेशन, जल्द लांच होगी फेस ऐप्लिकेशन

चंडीगढ़ | हरियाणा में बुजुर्गो के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. सरकारी पेंशनर्स तथा सामाजिक सुरक्षा के तहत पेंशन लेने वाले लाभार्थियों को अब सत्यापन के लिए बैंकों तथा सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. इस समस्या से निजात दिलाने के लिए राज्य सरकार जल्द ही फेस ऐप्लिकेशन लांच करने जा रही है. इसके जरिए पेंशनर्स लाभार्थी अपना जीवन प्रमाण- पत्र (लाइफ सर्टिफिकेट) जमा करा सकेंगे. इस ऐप का परीक्षण अंतिम चरण में है.

PENSION

पेंशनर्स की संख्या का आंकड़ा

राज्य में इस समय लगभग 22 लाख बुजुर्ग बुढ़ापा पेंशन का लाभ उठा रहे हैं. इसके अलावा, 8.88 लाख विधवाएं और 2.9 लाख दिव्यांग सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ उठा रहे हैं. इसके साथ ही बौने, किन्नरों, निराश्रित बच्चों और दुर्लभ बीमारियों से ग्रस्त रोगियों को भी सहायता राशि का लाभ दिया जा रहा है.

पहले चरण में इन जिलों में होगी शुरुआत

प्रदेश सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि पायलट प्रोजेक्ट के रूप में अगले महीने दो जिले अंबाला और पंचकूला में इस ऐप्लिकेशन को लांच किया जाएगा. फिर इसे बाकी जिलों में लांच किया जाएगा. इसके पूरी तरह से लागू होने पर प्रदेश भर से 36 लाख से ज्यादा लोग लाभान्वित होंगे.

यह भी पढ़े -  खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी, हरियाणा में खेल उपलब्धियों के आधार पर मिली सरकारी नौकरी

फेस ऐप्लिकेशन को लांच करने की सबसे बड़ी और पहली वजह यह है कि विभागों में इसके जरिए रिकॉर्ड अपडेट हो सकेगा. वर्तमान में ज्यादातर विभागों का डेटा आनलाइन हो रहा है. ऐसे में सरकार चाह रही है कि इस साल के आखिर तक सभी विभागों का डेटा अपडेट करने के साथ ही मृत लोगों का डेटा भी अपडेट हो जाए.

कई जगह से गड़बड़झाले की शिकायत

अभी कई विभागों में ऐसे लोगों के नाम दर्ज हैं, जिनकी मौत हो चुकी है, लेकिन उनके नाम से परिवार के अन्य लोग पेंशन राशि का लाभ उठा रहे हैं. ऐसे में फेस ऐप्लिकेशन लांच होने पर डाटा अपडेट हो जाएगा और सूची से मृतकों के नाम हटाना आसान हो जाएगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.