चंडीगढ़ | गांवों में सफाई व्यवस्था संभालने वाले कर्मचारियों के लिए हरियाणा सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने उनके वेतन में बढ़ोतरी करने के साथ-साथ सुरक्षा और परिवार को मिलने वाली आर्थिक सहायता से जुड़े नियमों में भी बदलाव किया है। बता दें कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ग्रामीण सफाई कर्मियों का मासिक वेतन 16 हजार रुपये से बढ़ाकर 18,100 रुपये करने की घोषणा की है। इस फैसले के बाद कर्मचारियों को हर महीने 2,100 रुपये ज्यादा मिलेंगे।

सरकार ने कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आंशिक दिव्यांगता बीमा कवर 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दिया है। वहीं, स्थायी कर्मचारियों का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा 30 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये किया गया है।
ग्रेच्युटी में भी इजाफा
परमानेंट टर्म इंश्योरेंस 2 लाख से बढ़ाकर 4 लाख रुपये और मृत्यु-सह-सेवानिवृत्ति ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा 20 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दी गई है। नई एक्स-ग्रेशिया योजना के तहत 52 वर्ष की आयु से पहले सरकारी कर्मचारी की मृत्यु होने पर उनके आश्रित को अनुकंपा आधार पर नौकरी देने का प्रावधान किया गया है। वहीं, एडहॉक, अनुबंध और डीसी रेट पर कार्यरत कर्मचारियों की सेवा के दौरान मृत्यु होने पर परिवार को 3 लाख रुपये की अनुग्रह राशि मिलेगी।
महिला कर्मचारियों को राहत
आउटसोर्सिंग नीति के तहत काम करने वाली महिला कर्मचारियों को नियमित महिला कर्मचारियों के समान मातृत्व अवकाश मिलेगा। वहीं, दिव्यांग महिला कर्मचारियों को चाइल्ड केयर के लिए प्रति बच्चा 1,500 रुपये मासिक विशेष भत्ता देने की व्यवस्था की गई है।