नई दिल्ली | ट्रेन में सफर के दौरान कंफर्म टिकट न मिलना यात्रियों के लिए पहले से ही परेशानी का कारण होता है। ऐसे में RAC टिकट मिलने पर भी राहत पूरी नहीं मिलती, क्योंकि कई बार लंबी यात्रा आधी सीट पर बैठकर पूरी करनी पड़ती है। बता दें कि रेलवे बोर्ड दशकों पुरानी RAC (रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन) व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है।

इसे खत्म करने या इसके नियमों में बदलाव करने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, अभी तक कोई अंतिम फैसला या आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है। मौजूदा नियमों के तहत कंफर्म बर्थ खत्म होने के बाद RAC टिकट जारी किए जाते हैं।
RAC व्यवस्था पर सवाल
इसमें एक साइड लोअर बर्थ दो यात्रियों को दी जाती है। दोनों यात्री पूरा किराया चुकाते हैं, लेकिन उन्हें आधी जगह में सफर करना पड़ता है। अगर किसी यात्री का कंफर्म टिकट रद्द हो जाता है तो RAC यात्री को पूरी बर्थ मिल सकती है। ऐसा नहीं होने पर रात की लंबी यात्रा में आधी सीट पर ही गुजारा करना पड़ता है। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में RAC टिकट की व्यवस्था नहीं रखी गई है।
रेलवे बोर्ड के 15 जनवरी 2026 के वाणिज्यिक सर्कुलर के मुताबिक, इस ट्रेन की सभी उपलब्ध बर्थ अग्रिम आरक्षण अवधि के पहले दिन से बुकिंग के लिए खुलती हैं। रेलवे दूसरी ट्रेनों में भी इसी तरह की व्यवस्था पर विचार कर सकता है।
व्यवस्था बनाने की सिफारिश
संसद की लोक लेखा समिति (PAC) ने 4 फरवरी 2026 को पेश अपनी 36वीं रिपोर्ट में RAC यात्रियों से पूरा किराया लेने पर सवाल उठाए थे। समिति का कहना है कि पूरी बर्थ नहीं मिलने पर पूरा किराया वसूलना उचित नहीं है। उसने ऐसे यात्रियों को किराये का कुछ हिस्सा लौटाने की व्यवस्था बनाने की सिफारिश की है। वहीं, उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे ने कहा कि ऐसी जानकारी उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नीतिगत फैसले रेलवे बोर्ड के स्तर पर लिए जाते हैं।