अंबाला | 12 नवंबर से आस्था का महापर्न छठ शुरू हो चुका है। खासकर बिहार, झारखंड और यूपी में इसकी सबसे अधिक धूम देखने को मिल रही है। वहीं, हरियाणा में भी महापर्व पर श्रद्धालुओं को अब पूजा के लिए खाली प्लॉटों में पानी भरने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। दरअसल, अंबाला छावनी के चंदपुरा में टांगरी नदी पुल के किनारे 1 एकड़ क्षेत्र में भव्य पक्के छठ घाट का निर्माण किया गया है। इससे आसपास के इलाकों के व्रतियों को पूजा के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने छठ घाट पहुंचकर निर्माण कार्य और पूजा की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
50 लाख से बना पक्का घाट
मंत्री अनिल विज ने कहा कि छठ पूजा देश के महत्वपूर्ण महापर्वों में से एक है। अंबाला छावनी और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु यह पर्व मनाते हैं। पहले पक्का घाट नहीं होने के कारण लोगों को खाली प्लॉटों में पानी भरकर पूजा करनी पड़ती थी। इससे व्रतियों को काफी परेशानी होती थी। श्रद्धालुओं की इस समस्या को देखते हुए उन्होंने अपने स्वैच्छिक कोष से 50 लाख रुपये जारी किए, जिससे पक्के छठ घाट का निर्माण कराया गया।
अम्बाला छावनी में पक्के घाट में होगी छठ पूजा, विज के प्रयासों से छठ व्रतियों को मिली बड़ी सौगात https://t.co/OsnJvyGwbQ
— Anil Vij Minister Haryana, India (@anilvijminister) November 12, 2026
व्यवस्था के निर्देश
निरीक्षण के दौरान विज ने नगर परिषद, बिजली निगम और जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को घाट पर पर्याप्त पानी, निर्बाध बिजली और रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मुख्य मार्ग पर छठ घाट का साइन बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए। मंत्री ने बताया कि छठ पर्व के बाद घाट पर शौचालय, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम और दूसरी जरूरी सुविधाओं का निर्माण भी पूरा कराया जाएगा। वहीं, घाट पर पहुंचने पर मिथिलांचल नवयुवक सेवा समिति के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत कर आभार जताया।