खुशखबरी: हरियाणा रोड़वेज के बेड़े में शामिल होगी 2400 नई बसें, लोगों का सफर होगा आसान

चंडीगढ़ | हरियाणा रोड़वेज के बेड़े में बहुत जल्द 2400 बसें शामिल होने जा रही है. हरियाणा परिवहन विभाग ने बॉडी समेत बसें खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी है यानि यूं कहें कि सालों बाद रोड़वेज के बेड़े में बसों की बढ़ोतरी होने जा रही है. अभी तक विभाग चेसिस खरीदता था और उन पर अपनी गुरुग्राम स्थित वर्कशॉप में बॉडी बनाता था लेकिन अब इस वर्कशॉप में इतनी क्षमता नहीं बची है कि यहां पर इतनी बड़ी संख्या में बॉडी बनाई जा सके.

Haryana Roadways

सूबे के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने बजट पेश करने से पहले सीएम मनोहर लाल से बजट सुझाव के लिए आयोजित मंत्रियों की बैठक में 2 हजार बसें बेड़े में शामिल करने का आग्रह किया था. सीएम ने बजट भाषण में उनके आग्रह को स्वीकार करते हुए नई बसें खरीदने की घोषणा की थी. सीएम और ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर की इस सोच को आगे बढ़ाते हुए परिवहन विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है. पिछले साल 809 बसों की चेसिस खरीदने की प्रक्रिया को अमलीजामा पहनाया गया था.

1000 और बसें खरीदने की प्रक्रिया शुरू

सीएम मनोहर लाल ने इस साल बजट में जो 2 हजार बसें खरीदने की घोषणा की थी, उनमें से 1,000 बसें खरीदने का टेंडर तो जारी हो चुका था. अब बाकी बची 1 हजार बसें खरीदने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. जब ये बसें बेड़े में शामिल हो जाएगी तो रोड़वेज के बेड़े में 3,409 बसें जुड़ जाएगी. परिवहन विभाग के निदेशक डॉ वीरेंद्र दहिया ने बताया कि जल्द ही रोड़वेज बसों में ई- टिकटिंग प्रणाली शुरू हो जाएगी. लगभग 1,000 कंडक्टरों को इसका प्रशिक्षण दिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि 1 हजार ई- टिकटिंग मशीनें डिपो में भेज दी गई है.

यूं शामिल होंगी बेड़े में नई बसें

राज्य परिवहन विभाग निदेशक डॉ वीरेंद्र दहिया ने बताया कि 809 बसों की चेसिस प्रकिया पूरी होने के बाद अब इन चेसिस पर बॉडी बनाने का ठेका दो एजेंसियों को सौंपा गया है. गुरुग्राम स्थित वर्कशॉप में बनने वाली बॉडी के लिए मैटेरियल विभाग का होगा जबकि लेबर इन एजेंसियों की होगी. इन दोनों एजेंसियों ने हर महीने 100 बॉडी तैयार करने का वादा किया है.

यह भी पढ़े -  हरियाणा रोडवेज बसों में मुफ्त सफर के लिए मिलने लगे हैप्पी कार्ड, बस करना होगा यह छोटा सा काम

उन्होंने बताया कि चूंकि अपनी वर्कशॉप में चेसिस पर बॉडी बनाने में ज्यादा वक्त लगता है तो मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बिल्ट अप यानि बनी बनाई बॉडी समेत 1,000 नई बसें खरीदने को मंजूरी दे दी है. पिछले सप्ताह ही इन बसों को खरीदने का टेंडर जारी किया गया है.

325 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की तैयारी

निदेशक डॉ वीरेंद्र दहिया ने बताया कि सीएम मनोहर लाल ने 800 इलेक्ट्रिक बसें लेने की सैद्धांतिक मंजूरी दे रखी है. सचिवों की कमेटी ने फिलहाल 500 बसें खरीदने की सिफारिश की है. इनमें से 325 बसें रोड़वेज विभाग के पास जबकि बाकी बसें गुरुग्राम और फरीदाबाद मेट्रो डेवलपमेंट ऑथोरिटी के पास चली जाएगी. ये बसें किलोमीटर स्कीम के तहत ली जाएगी. इन बसों पर अंतिम फैसला बाकी है. जैसे ही फैसला हो जाएगा, ये बसें अगले साल बेड़े में शामिल हो जाएगी.

150 एचवीएसी और 125 मिनी बस खरीदने की तैयारी

निदेशक डॉ वीरेंद्र दहिया ने बताया कि सरकार ने 150 हीट वेंटिलेटर एयर कंडीशनिंग (एचवीएसी) बसें खरीदने की मंजूरी प्रदान कर दी है. विभाग द्वारा टेंडर जारी कर दिया गया है और तकनीकी बोली खुल गई है. यें बसें सालाना मेंटिनेंस के साथ 10 साल की मेंटिनेंस के लिए खरीदी जा रही है. ये बसें भी बॉडी समेत आएगी तो उम्मीद कर सकते हैं कि इस साल के अंत तक ये बसें भी रोड़वेज बेड़े में शामिल हो जाएगी.

उन्होंने बताया कि 125 मिनी बस खरीदने का टेंडर पिछले सप्ताह जारी किया गया है. ये बसें भी बॉडी समेत खरीदी जाएगी. इन बसों के भी साल के अंत तक बेड़े में शामिल होने की पूरी संभावना है. इस तरह 809+1000+325+150+125 यानि कुल 2409 नई बसें रोड़वेज बेड़े में शामिल हो जाएगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.