रोमांचक हुई आदमपुर उपचुनाव की जंग, कांग्रेस ने भी घोषित किया अपना प्रत्याशी

आदमपुर | हरियाणा के आदमपुर में उपचुनाव का बिगुल बज चुका है. कुलदीप बिश्नोई के कांग्रेस विधायक पद से इस्तीफा देने और भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन करने के बाद यहां उपचुनाव हो रहा है. भारतीय जनता पार्टी ने आदमपुर उपचुनाव के लिए कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई को चुनावी रण में उतारा है तो वही आम आदमी पार्टी की ओर से सतेन्द्र सिंह चुनावी रण में होंगे. इंडियन नेशनल लोकदल भी जिताऊ प्रत्याशी घोषित करने को लेकर माथापच्ची कर रही है. वहीं प्रदेश में प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस द्वारा भी आज आदमपुर उपचुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिया गया है जिसके बाद आदमपुर उपचुनाव की जंग रोमांचक होने वाली है.

Jai Parkash JP

कांग्रेस पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश उर्फ जेपी को आदमपुर उपचुनाव के लिए चुनावी रण में उतार दिया है. कांग्रेस पार्टी की ओर से आज इसकी आधिकारिक घोषणा की गई है. जेपी के उपचुनाव लड़ने की घोषणा होते ही हिसार सहित साथ लगते जिलों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की है और कहा है कि इस बार कुलदीप बिश्नोई के गढ़ को ढहाकर ही दम लेंगे.

पहले भी हुआ था रोमांचक मुकाबला

बता दें कि जयप्रकाश उर्फ जेपी हिसार लोकसभा क्षेत्र से सांसद रह चुके हैं और आदमपुर विधानसभा क्षेत्र हिसार के अंतर्गत ही आता है. इस क्षेत्र में जेपी का खासा प्रभाव है. 2009 के विधानसभा चुनावों में जयप्रकाश उर्फ जेपी कांग्रेस की टिकट पर आदमपुर से कुलदीप बिश्नोई के सामने चुनावी रण में थे और उन्होंने बिश्नोई को दिन में तारे दिखा दिए थे.

हालांकि, जयप्रकाश यह चुनाव तो नहीं जीत पाए और उन्हें करीब 6 हजार वोटों से हार का सामना करना पड़ा था लेकिन उन्होंने अपने प्रभाव और शख्सियत की बदौलत कुलदीप बिश्नोई को उसके गढ़ में एक बार के लिए हार का अहसास जरूर करवा दिया था.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.