चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने प्रदेशभर के राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों से प्रशिक्षण हासिल कर स्वरोजगार स्थापित करने वाले युवाओं को पुरस्कृत करने का फैसला लिया है. राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, कुरुक्षेत्र के प्रधानाचार्य जगमोहन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इसके पीछे सरकार का उद्देश्य स्वरोजगार स्थापित करने वाले युवाओं की भावनाओं को प्रोत्साहित करना है. ऐसे में सरकार ऐसे सफल उद्यमियों के लिए पुरस्कृत करने की योजना लेकर आई है ताकि उन्हें देखकर अधिक से अधिक युवा स्वरोजगार स्थापित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़े.
प्रधानाचार्य जगमोहन सिंह ने बताया कि इस योजना के तहत हर साल प्रदेश के प्रत्येक जिले में गणतंत्र दिवस यानि 26 जनवरी के मौके पर सफल उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा. इस मौके पर प्रथम विजेता उम्मीदवार को 10,000 रुपए, दूसरे पायदान पर रहे उम्मीदवार को 7,500 रुपए जबकि तीसरे नंबर के विजेता को 5,000 रुपए की नकद राशि एवं सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया जाएगा.
इन जिलावार पुरस्कृत उद्यमियों में से सर्वश्रेष्ठ तीन उम्मीदवारों का राज्य स्तर पर चयन किया जाएगा, जिन्हें विश्व युवा कौशल दिवस समारोह के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा. इस अवसर पर प्रथम विजेता को 50,000 रुपए, दूसरे विजेता को 40,000 रुपए जबकि तीसरे नंबर के विजेता को 30,000 रुपए की नकद राशि एवं सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया जाएगा.
प्रधानाचार्य जगमोहन सिंह ने बताया कि इच्छुक उम्मीदवारों को अपने जिला मुख्यालय पर स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आवेदन जमा करवाना होगा. आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2022 रहेगी. आवेदन प्रपत्र व योजना से जुड़ी तमाम जानकारियां हासिल करने के लिए आप विभाग की आधिकारिक वेबसाइट itiharyana.gov.in पर विजिट कर सकते हैं.
