नई दिल्ली | हरियाणा में शीत लहर को देखते हुए स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाई गई है जिसके बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी ऐसे ही आसार नजर आ रहे हैं. दिल्ली के सरकारी स्कूलों में 1 से 15 जनवरी तक सर्दियों की छुट्टियां घोषित की गई थी लेकिन दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में 15 जनवरी से शीत लहर चलने का अंदेशा जताया गया है. ऐसे में दिल्ली सरकार भी शीतकालीन अवकाश बढ़ाने का फैसला ले सकती है.
बता दें कि हरियाणा शिक्षा निदेशालय ने हाड कपा देने वाली ठंड को देखते हुए सभी सरकारी और निजी स्कूलों में सर्दियों की छुट्टियां बढ़ाकर 21 जनवरी तक कर दी है. अब हरियाणा में स्कूल 23 जनवरी को खुलेंगे. वहीं बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए कक्षा दसवीं और बारहवीं की स्पेशल कक्षाएं आयोजित की जा रही है.
शुक्रवार को कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हिमपात हुआ है,जिसका असर मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है. आईएमडी का कहना है कि दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में शनिवार को बादल छाए रहेंगे और हल्का कोहरा रहने की संभावना है. तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हो सकती है.
