हरियाणा में कांग्रेस के भविष्य पर किरण चौधरी ने खड़े किए सवाल, पार्टी छोड़ना बताया प्रभु इच्छा पर निर्भर

भिवानी | लोकसभा चुनाव में 0 से 5 सीटों का सफर तय करने वाली हरियाणा कांग्रेस में अंतर्कलह एक बार फिर उजागर हुई है. तोशाम से कांग्रेस विधायिका किरण चौधरी (Kiran Chaudhary) ने अब विधानसभा चुनाव की आहट से पहले ही राजनीति में बड़े उलटफेर के संकेत दिए हैं. उनके एक बयान से हरियाणा की राजनीति में सियासी हलचल पैदा हो गई है.

kiran chaudhary news

कांग्रेस का नहीं कोई भविष्य

किरण चौधरी ने अपने बयान में कहा कि अब हरियाणा में कांग्रेस का कोई भविष्य नहीं दिखता. साथ ही, कांग्रेस छोड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह प्रभु इच्छा पर निर्भर है. उन्होंने कहा कि आने वाला समय किसी धमाके से कम नहीं होगा. इन हालातों के चलते उन्हें अब हरियाणा में कांग्रेस का कोई भविष्य नजर नहीं आता है.

टिकट वितरण में रची गई साजिश

इशारों ही इशारों में बिना नाम लिए पूर्व मुख्यमंत्री भुपेंद्र हुड्डा पर निशाना साधते हुए किरण चौधरी ने कहा कि लोकसभा टिकट वितरण में रंजिश निकालने के लिए साजिशें व षड्यंत्र रचे गए. यदि भिवानी- महेंद्रगढ़ और गुरुग्राम सीट पर टिकट सही बांटी गई होती, तो कांग्रेस 7 सीटों पर जीत दर्ज करती. ये लोग सोनीपत को अपना गढ़ बताते हैं, जहां से पिछली बार हारे थे और इस बार मामूली अंतर से जीत दर्ज कर पाए हैं.

उन्होंने कहा कि सबको पता है कि 10 साल में कैसे ये कांग्रेस को 67 सीटों से तली में ले आए. किरण चौधरी यहीं नहीं रुकी. उन्होंने कहा कि अब भी इन्होंने (हुड्डा) हर विधानसभा में 5- 5 नेताओं को थापी मार कर प्रत्याशी बना रखा है, जबकि टिकट एक को मिलनी है. ऐसे हालातो मे पार्टी के अंदर धमाके होना तय नजर आ रहा है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.