चंडीगढ़ | राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों के प्राथमिक स्कूलों में ईटीटी शिक्षकों की भती प्रक्रिया अब अंतिम चरण में जा पहुंची है. विद्यालय शिक्षा निदेशक (प्राथमिक) कार्यालय की ओर से जो आदेश जारी किए गए है उनके मुताबिक कुल 2364 पदों पर विचाराधीन भर्ती में से 849 अभ्यर्थियों का चयन (वेटिंग लिस्ट) पहले ही जारी हो गया है. फिलहाल 832 उम्मीदवारों को स्टेशन अलॉट किए जा चुके हैं.
1664 पदों के लिए शुरू हुई थी आवेदन प्रक्रिया
इन्हें 19 फरवरी को जॉइनिंग लेटर दिए जाएंगे. समागम के दौरान सीएम भगवंत मान और शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस शामिल हो सकते हैं. शिक्षा विभाग की तरफ से 6 मार्च 2020 को सीमावर्ती क्षेत्रों के प्राथमिक विद्यालयों में ईटीटी कैडर के 1664 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया गया था. 23 जून 2020 को संशोधन किया गया व 700 पद और शामिल कर दिए गए. इस प्रकार कुल पदों की संख्या 2364 हो गई.
11 से 15 फरवरी तक हुई ऑनलाइन स्टेशन चयन प्रक्रिया
20 जनवरी को शिक्षा भर्ती निदेशालय की ओर से 2364 पदों के तहत 849 उम्मीदवारों की चयन सूची वेबसाइट पर अपलोड की गई. अनंतिम लिस्ट में शामिल 832 पात्र उम्मीदवारों के लिए 11 से 15 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन स्टेशन चयन प्रक्रिया आयोजित हुई. शिक्षा विभाग ने बताया कि आवंटित स्टेशनों की जानकारी संबंधित उम्मीदवारों की लॉगआन आईडी पर दी जा चुकी है.
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के बाद जारी होंगे नियुक्ति पत्र
शिक्षा विभाग की ओर से निर्देशित किया गया है कि सभी पात्र उम्मीदवार 19 फरवरी सुबह 10 बजे अपने-अपने जिले के डीईओ कार्यालय में पहुंच जाएं. अभ्यर्थी अपने साथ अपने जरूरी डॉक्यूमेंट भी लेकर आए जिनमें पहचान पत्र, आधार कार्ड, वोटर पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज शामिल है. दस्तावेजों की जांच के बाद नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे. यह आदेश सहायक निदेशक (स्टाफ-2) द्वारा दिया गया है.
2364 ईटीटी पदों पर भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत सबसे पहले 6 मार्च 2020 को जारी किए गए विज्ञापन के साथ हुई थी. इस विज्ञापन के तहत पहले 1664 ईटीटी पदों के लिए आवेदन मांगे गए थे. बाद में 700 अतिरिक्त पदों को जोड़ा गया व कुल 2364 रिक्तियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई.
