चंडीगढ़ | शहर में कैब, ऑटो और बाइक बुक करने के लिए आज से नया ऑप्शन मिलने जा रहा है. केंद्रीय सहकारिता विभाग की भारत टैक्सी सर्विस चंडीगढ़ में शुरू होगी. बता दें कि शाम 4 बजे प्रशासक गुलाब चंद कटारिया इसका उद्घाटन करेंगे. कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल और केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर भी मौजूद रहेंगे.
भारत टैक्सी की शुरुआत ऐसे समय में हो रही है जब चंडीगढ़ प्रशासन ने हाल ही में ओला, उबर और इनड्राइव के लाइसेंस 6 महीने के लिए सस्पेंड किए थे. भारत टैक्सी को सहकारी मॉडल पर तैयार किया गया है. इसमें ड्राइवरों को ‘सारथी’ कहा जाएगा.
ड्राइवर को राइड की पूरी कमाई
भारत टैक्सी का मॉडल जीरो कमीशन पर आधारित है. राइड से मिलने वाली कमाई पर ड्राइवर को कमीशन नहीं देना होगा. भविष्य में प्लेटफॉर्म संचालन के लिए न्यूनतम सब्सक्रिप्शन फीस लगाई जा सकती है, लेकिन इसकी राशि अभी तय नहीं है. ‘सारथी’ 500 का निवेश कर भारत टैक्सी के 5 शेयर भी खरीद सकेंगे. इसके बाद, वे शेयर होल्डर बनकर कंपनी के मुनाफे में हिस्सेदारी के हकदार हो सकते हैं. ड्राइवरों के लिए ई- श्रम, बीमा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभ के साथ SBI के जरिए कम ब्याज पर कार लोन की सुविधा देने की भी व्यवस्था है.
ऐसे जुड़ सकेंगे यात्री
ड्राइवर भारत टैक्सी एप से रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे. इसके लिए ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, गाड़ी की RC और पासपोर्ट साइज फोटो की जरूरत होगी. दस्तावेजों के सत्यापन के बाद उन्हें प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा. यात्री भी भारत टैक्सी मोबाइल एप पर मोबाइल नंबर से लॉगिन कर अपनी लोकेशन डालकर कैब, बाइक या ऑटो बुक कर सकेंगे. प्लेटफॉर्म में पीक ऑवर्स के दौरान किराए में अचानक बढ़ोतरी से बचते हुए किराया स्थिर रखने पर जोर रहेगा.
