चंडीगढ़ | हरियाणा के NCR क्षेत्र में 1 अक्टूबर से जीवन- अवधि पूरी कर चुके वाहनों को पेट्रोल पंप पर ईंधन नहीं मिलेगा. 15 साल से अधिक पुराने पेट्रोल और 10 साल से अधिक पुराने डीजल वाहनों की पहचान के लिए पंपों पर आटोमेटेड नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे लगाए जाएंगे. कैमरे नंबर प्लेट स्कैन कर वाहन की उम्र का पता लगाएंगे. ऐसे वाहन मिलने पर उन्हें मौके पर ही जब्त किया जाएगा.
परिवहन मंत्री अनिल विज के मुताबिक इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मंजूरी मिल चुकी है. योजना के पहले चरण में गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और झज्जर को शामिल किया गया है.
लगेंगे 775 ANPR कैमरे
चारों जिलों के पेट्रोल पंपों पर कुल 775 ANPR कैमरे स्थापित करने की तैयारी है. इस काम पर करीब 41 करोड़ 74 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे. परिवहन विभाग ने कैमरे लगाने के लिए 30 सितंबर तक का लक्ष्य रखा है. सबसे अधिक 249 कैमरे गुरुग्राम में लगाए जाएंगे. इसके बाद सोनीपत में 215 और झज्जर में 195 कैमरे लगेंगे. फरीदाबाद में 116 ANPR कैमरे स्थापित किए जाने हैं.
आएगी वाहन की उम्र
ANPR तकनीक की मदद से पेट्रोल पंप पर पहुंचते ही वाहन की नंबर प्लेट पढ़ी जा सकेगी. इससे जीवन-अवधि पूरी कर चुके वाहनों की पहचान आसान होगी और नियमों को लागू करने में मदद मिलेगी. अनिल विज ने बताया कि पूरी कार्रवाई वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप की जा रही है. हरियाणा में कुल 2780 ANPR कैमरे लगाए जाने की आवश्यकता है.
