चंडीगढ़| आने वाली 26 और 27 जुलाई को पूरे हरियाणा में संयुक्त पात्रता परीक्षा (CET) का आयोजन होने जा रहा है. इस परीक्षा को एक त्यौहार की तरह देखा जा रहा है क्योंकि करीबन साढ़े 13 लाख परीक्षार्थियों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया है. हर तरफ सीईटी की ही गूंज सुनाई दे रही है. परीक्षा में मात्र 3 दिन का समय बचा है. ऐसे में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मंगलवार को रिव्यू मीटिंग बुलाई. इस बैठक में अब तक की तैयारियों पर चर्चा हुई.
परीक्षार्थियों को मिलेगी फ्री बस सेवा
सीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेंसिटिव एग्जाम सेंटर की जानकारी वक़्त रहते गृह विभाग को भेजी जाए, ताकि आवश्यकता होने पर इंटरनेट बंद किया जा सके और परीक्षा शांति से पूर्ण हो पाए. दूसरी तरफ सरकार ने परिवहन विभाग के कमिश्नर को लेटर लिखकर कहा है कि सीईटी को लेकर जितना भी खर्चा आएगा, वह सरकार और हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन द्वारा वहन किया जाएगा. सरकार की तरफ से 26 और 27 जुलाई को परीक्षार्थियों को मुफ्त बस सुविधा प्रदान की जाएगी.
हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर
महिला परीक्षार्थी के साथ एक अभिभावक भी फ्री में यात्रा कर सकेगा. हालांकि, इस पर हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गयी है. याचिकाकर्ता का दावा है कि इससे आम यात्रियों, मरीजों और ऑफिस जाने वालों को परेशानी होगी. सरकार ने इनके लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की है. ये केस अभी रजिस्ट्री के लिए आया है, यह अभी लिस्ट नहीं हुआ है. सीएम की तरफ से निर्देशित किया गया है कि प्रश्न पत्र को स्टोर से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी होनी चाहिए.
अफवाहों की रखी जाए निगरानी
इससे परीक्षा में किसी प्रकार की गड़बड़ी के लिए कोई जगह नहीं बचेगी. इसके साथ ही, परीक्षा केंद्र के आसपास असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जाए. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर अफवाहों पर भी निगरानी रखने के आदेश जारी किए हैं. मुख्यमंत्री की तरफ से आमजन से आग्रह किया गया है कि वह परीक्षा वाले दिनों में यात्रा न करें, ताकि किसी भी परीक्षार्थी को ट्रैफिक की दिक्कत ना हो और वह समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंच पाए.
आमजन की आवाजाही ना हो प्रभावित
परिवहन विभाग को आदेश दिए गए कि CET परीक्षा के लिए बसों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चितकी जाये. तीज पर्व भी आने वाला है ऐसे में आमजन की आवाजाही प्रभावित न हो, इसका भी पूरा ध्यान रखा जाए. इमरजेंसी स्थिति के लिए कुछ बसें रिजर्व रखने और डायल- 112 सेवा को व्यवस्था में शामिल करने के लिए निर्देशित किया गया है.
