हरियाणा के निर्दलीय विधायक को मिला लोकसभा चुनाव लड़ने का ऑफर, MLA ने जताई ये इच्छा

हिसार | हरियाणा में पूर्व की मनोहर लाल सरकार में बिजली मंत्री और अब नायब सैनी की नई सरकार में भी कैबिनेट मंत्री बने रानियां विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक रणजीत सिंह चौटाला रविवार को हिसार में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि नई सरकार के गठन से पहले उनके पास मुख्यमंत्री का फोन आया था और उन्हें सुबह चंडीगढ़ आने के लिए कहा गया.

Election Vote

गठबंधन टूटने का पता चला

सुबह जब मैं चंडीगढ़ पहुंचा तो वहां कमल गुप्ता, जेपी दलाल, कंवर पाल गुर्जर और बनवारी लाल पहले से ही मौजूद थे. उन्हें बताया गया कि केंद्रीय शीर्ष नेतृत्व की ओर JJP के साथ गठबंधन तोड़ने का फैसला हो चुका है. हरियाणा निवास पर 41 विधायक बीजेपी के और दूसरी तरफ हम 6 निर्दलीय विधायकों के अलावा गोपाल कांडा भी साथ में थे. इसके 1 घंटे बाद विधायक दल के नेता के रूप में नायब सैनी के नाम पर मुहर लगी.

पांचवें से तीसरे नंबर पर आ गया

रणजीत चौटाला ने बताया कि नई सरकार के शपथग्रहण समारोह में तीसरे नंबर पर बतौर कैबिनेट मंत्री शपथ ली है, जबकि मनोहर लाल सरकार में पांचवें नंबर पर शपथ ली थी. ऐसे में पांचवें से तीसरे नंबर पर पहुंच गया हूं. राजनीति में हर चीज का मतलब होता है. जिन 5 मंत्रियों ने नई सरकार में शपथ ली है, केन्द्रीय नेतृत्व की अनुमति के बिना ये संभव नहीं है. निर्दलीय विधायक होते हुए भी भारतीय जनता पार्टी ने मुझे इतना मान- सम्मान दिया है.

यह भी पढ़े -  Asha School Hisar Jobs: हिसार में इन पदों पर निकली भर्ती, फटाफट करें आवेदन

लोकसभा चुनाव लड़ने का ऑफर

पूर्व बिजली मंत्री रणजीत चौटाला ने बताया कि 12 मार्च को नई सरकार के शपथग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने उनका नाम लोकसभा चुनाव के लिए आगे बढ़ाने की बात कही. मैंने विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई लेकिन इसके साथ ही कहा कि यदि पार्टी फैसला करती है तो मैं हिसार, कुरूक्षेत्र, भिवानी या फिर किसी भी लोकसभा सीट से चुनावी रण में उतरने के लिए तैयार हूं.

तीसरी बार बीजेपी की बनेगी सरकार: चौटाला

उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी की हालत ये हो गई है कि उनके पास लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार नही है. देश की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों पर विश्वास कर रही है और एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी. हिसार से पार्टी जिसे भी उम्मीदवार घोषित करेगी, हम लोगों को उसकी जीत के लिए मेहनत करनी होगी. बीजेपी ने उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल कर जो विश्वास व्यक्त किया है, वह इस पर खरा उतरने का काम करेंगे.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.