झज्जर | हरियाणा में रोहतक लोकसभा क्षेत्र से BJP सांसद अरविंद शर्मा आज झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में वरिष्ठ बीजेपी नेता भीम सिंह प्रणामी के कार्यालय पर पहुंचे, जहां उन्होंने बीजेपी की नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों से मुलाकात की और प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लागू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं को लाभार्थियों तक पहचाने के लिए निर्देश दिए. इस दौरान उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान रोहतक लोकसभा क्षेत्र में सरकार द्वारा करवाए गए विकास कार्यों का भी बखान किया.
मेट्रो के विस्तार को हरी झंडी
सांसद अरविंद शर्मा ने बताया कि बहादुरगढ़ से आसौदा तक मेट्रो रेल लाइन के विस्तार को मंजूरी मिल गई हैं और इसका काम जल्द ही शुरू होगा. उन्होंने कहा कि वह इस मेट्रो लाइन परियोजना को सांपला तक ले जाने की कोशिश में जुटे हुए हैं. अगले चरण में यह संभव भी हो सकता है.
बीजेपी सांसद ने नजफगढ़ से ढासा बॉर्डर तक भी मेट्रो का काम जल्द शुरू होने की बात कही. इसके साथ ही, उन्होंने बताया कि रोहतक लोकसभा क्षेत्र में केंद्र सरकार की बहुत सारी योजनाएं सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रही हैं और बहादुरगढ़ मेट्रो स्टेशन के पुनर्निर्माण का कार्य भी जोरों पर चल रहा है.
