जींद । जींद पहुंचे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भुपेंद्र हुड्डा ने गठबंधन सरकार पर जोरदार निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन योजना लागू न करके खट्टर सरकार सरकारी कर्मचारियों के हितों से खिलवाड़ कर रही है. हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में 2024 में होने वाले विधानसभा चुनावों में अगर कांग्रेस पार्टी की सरकार बनती है तो सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाएगी.
इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री भुपेंद्र हुड्डा ने एक और बड़ा वादा करते हुए आश्वासन दिया कि अगर कांग्रेस पार्टी की सरकार बनी तो सरकारी नौकरियों में खिलाड़ियों के लिए फिर से कोटा लागू किया जाएगा. बता दें कि प्रदेश की गठबंधन सरकार ने सरकारी नौकरी में खिलाड़ियों के लिए 3% आरक्षण को हाल ही में समाप्त किया है, जिसके बाद इस मुद्दे को लेकर विपक्षी पार्टियां लगातार सरकार पर निशाना साध रही है.
भुपेंद्र हुड्डा ने कहा कि राजस्थान में अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल की सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की घोषणा की है. प्रदेश के कर्मचारियों को भी उम्मीद थी कि इस संबंध में सीएम मनोहर लाल बजट सत्र में कोई बड़ा फैसला लें सकते हैं लेकिन मुख्यमंत्री ने सदन में कहा कि जिन राज्यों ने हाल ही में पुरानी पेंशन योजना दोबारा बहाल करने की घोषणा की है, उन्होंने लोकलुभावन निर्णय लिया है.
