सिक्किम में सेना का ट्रक गहरी खाई में गिरने से 16 जवान शहीद, 3 हरियाणा से

नई दिल्ली | उत्तरी सिक्किम में सेना का एक वाहन दुर्घनाग्रस्त होने से 16 जवान शहीद हो गए हैं जबकि 4 जवान घायल हुए हैं. दुर्घटना तब घटी जब वाहन एक तीखे मोड़ पर मुड़ते समय नियंत्रण खो बैठा और खाई में जा गिरा. घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया गया है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कई अन्य नेताओं ने इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है.

Accident New

सेना ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तरी सिक्किम के जेमा में शुक्रवार को सेना का एक वाहन तीव्र मोड़ पर मुड़ते समय स्लिप हो गया और अनियंत्रित होकर सीधा खाई में जा गिरा. इस हादसे में तीन जूनियर कमीशन्ड अधिकारी (JCO) समेत 16 जवान शहीद हुए हैं जबकि चार घायल जवानों को एयरलिफ्ट के जरिए बाहर निकाला गया है.

सेना ने जानकारी देते हुए बताया है कि दुर्घटना का शिकार हुआ सेना का ट्रक सुबह के समय चत्तेन से थांगू की ओर जा रहे तीन वाहनों के काफिले में शामिल था. बीच रास्ते ट्रक एक तीखे मोड़ पर खड़ी ढलान से फिसल गया. एक बचाव अभियान तुरंत प्रभाव से शुरू किया गया और चार घायल जवानों को एयरलिफ्ट करके निकाला गया है.

यह भी पढ़े -  पश्चिमी UP व हरियाणा के रेलयात्रियों की बढ़ेगी परेशानी, नॉन- इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 5- 13 मई तक रद्द रहेगी कई ट्रेनें

इस दर्दनाक सड़क हादसे में 16 जवान शहीद हुए हैं. दुर्घटना में इन जवानों को गंभीर चोटें आई थीं जिसकी वजह से इनकी जान चली गई. भारतीय सेना इस नुकसान की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी हैं.

शहीदों में हरियाणा से 3 जवान

इस सड़क हादसे में जान गंवाने वाले तीन जवान हरियाणा से है. इनमें फतेहाबाद से विकास कुमार, भिवानी से अरविंद कुमार और हिसार से सोमवीर सिंह है. परिजनों को जैसे ही इनके शहीद होने की सूचना मिली, माहौल गमगीन हो गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. आसपास के लोग परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं और इस दुःख की घड़ी में उनके साथ बनें हुए हैं.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.