नई दिल्ली | माता वैष्णो देवी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है. आज जम्मू कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा ने कटरा में श्री माता वैष्णोदेवी भवन का उद्घाटन कर श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात दी है. 27 करोड़ रुपए की लागत से बने इस भवन में 25 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने की निःशुल्क व्यवस्था होगी. पांच मंजिला यह भवन 70 हजार वर्ग फुट में फैला हुआ है.
जम्मू कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा ने चैत्र नवरात्र 2023 से पहले कटरा में श्री माता वैष्णोदेवी भवन में पांच मंजिला दुर्गा भवन का उद्घाटन कर श्रद्धालुओं को बड़ी खुशखबरी दी है. इस दुर्गा भवन में 2500 यात्रियों के लिए नि:शुल्क आवास होगा. 5 मंजिला भवन में वाशरूम, लॉकर, कंबल स्टोर, भोजनालय के साथ शयनगृह और कमरों की सुविधा भी है.
जम्मू कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा ने इस अवसर पर कहा कि यह भवन वैष्णोदेवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बहुत ही फायदेमंद साबित होगा. आने वाले दिनों में यहां सुविधाओं में और इजाफा किया जाएगा. भवन के उद्घाटन के बाद, मनोज सिन्हा 22 मार्च से चैत्र नवरात्रों के दौरान तीर्थयात्रियों के लिए वरिष्ठ नागरिक, पुलिस और श्राइन बोर्ड के अधिकारियों के साथ व्यवस्था की समीक्षा भी करेंगे.
अधिकारियों ने कहा कि दुर्गा भवन का निर्माण यात्रियों के लिए एक बड़ा वरदान साबित होगा. इस भवन में चार लिफ्ट हैं और यह 70,000 वर्ग फुट क्षेत्र में फैला हुआ है. 27 करोड़ रुपये की लागत से यह भवन 19 महीने में बनकर तैयार हुआ है. दुर्गा भवन के प्रत्येक तल पर विशेष रूप से विकलांग तीर्थयात्रियों के लिए विशेष स्नानागार का निर्माण भी किया गया है.
