रेवाड़ी | केन्द्र की मोदी सरकार अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में रेलवे स्टेशनों का सौंदर्यीकरण करवा रही है. इसी कड़ी में हरियाणा के भी कई स्टेशनों को शामिल किया गया है और इन्हीं में से एक रेवाड़ी जिले का कोसली रेलवे स्टेशन (Kosli Railway Station) हैं. जिसपर पुनर्विकास कार्यों के लिए 13 करोड़ 80 लाख रूपए की लागत से मास्टर प्लान तैयार किया गया है. इन कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा.
इन कार्यों में प्रमुख रूप से सरकुलेटिंग क्षेत्र में सड़क, वाहनों के यातायात संचालन में सुधार व हरित पट्टी विकसित करना तथा समर्पित पार्किंग स्थान के साथ स्टेशन भवन के अग्रभाग में सुधार, प्रकाश व्यवस्था के उन्नयन कार्य, प्रतीक्षा कक्ष, वीआईपी रूम और फूड प्लाजा का प्रावधान शामिल है.
इसके अलावा, आधुनिक फिटिंग के साथ मौजूदा शौचालय ब्लॉकों का नवीनीकरण, प्लेटफॉर्म शेल्टर का प्रावधान और प्लेटफॉर्म शेल्टरों की जीआई शीट को बदलना, स्टेशन भवन का नवीनीकरण, अलग- अलग प्रवेश और निकास द्वार व नए आकर्षक बाउंड्रीवॉल का कार्य भी होगा. स्टेशन भवन में पोर्च का निर्माण भी किया जाएगा.
उत्तर पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश चंद जेवलिया ने बताया कि इन कार्यों के लिए निविदा आमंत्रित कर कार्य आदेश जारी किए जा चुके हैं और अप्रैल 2024 तक इन कार्यों के पूरा होने की संभावना है. इन कार्यों के साथ ही कोसली स्टेशन पर कोच गाइडेंस सिस्टम, ट्रेन इंडिकेशन बोर्ड, जीपीएस आधारित घडियां, आउटडोर वीडियो डिस्प्ले यूनिट, 55 इंची टीवी तथा स्पीकर्स का भी प्रावधान इस योजना के अंतर्गत किया गया है. इसके अलावा, आकर्षक चारदीवारी का निर्माण किया जा रहा है.
