हरियाणा के रास्ते दिल्ली से अमृतसर के बीच दौड़ेगी बुलेट ट्रेन, सोनीपत में इस जगह पर बनेगा स्टेशन

सोनीपत | दिल्ली- अमृतसर प्रस्तावित हाईस्पीड बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट को अमलीजामा पहनाने की जमीनी कवायद शुरू हो चुकी है. इस प्रोजेक्ट के तहत सोनीपत जिले में हरसाना कलां- बैंयापुर के पास स्टेशन बनेगा. दिल्ली- अमृतसर हाई स्पीड रेल कॉरिडोर जिले के 34 गांवों से होकर गुजरेगा. इस संबंध में सोनीपत स्थित लघु सचिवालय में जिला प्रशासन और निर्माण करने वाली कंपनी के अधिकारियों के बीच एक परामर्श मीटिंग हुई.

bullet train

इस दौरान निर्णय लिया गया है कि जिन गांवों के मार्गाें का इस्तेमाल निर्माण कार्य के समय होगा, उनके टूटने की अवस्था में पुनर्निर्माण नेशनल हाई स्पीड रेल काॅर्पोरेशन लिमिटेड को ही करवाना होगा.

एलिवेटेड होगा रेलवे ट्रैक

दिल्ली- अमृतसर हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के तहत सोनीपत जिले में करीब 47 Km लंबा रेलवे ट्रैक पूरी तरह से एलिवेटेड होगा. इन हाईस्पीड ट्रेनों के लिए बिछने वाले ट्रैक के पिलरों की ऊंचाई 9 से 15 मीटर तो चौड़ाई 17.5 मीटर होगी. कंपनी अधिकारियों का कहना है कि बहुत जल्द इस प्रोजेक्ट पर धरातल पर काम शुरू किया जाएगा.

किसानों को मिलेगा इतना मुआवजा

डीसी डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि जिले से होकर गुजरने वाले 43 km लंबे हाईस्पीड रेलवे ट्रैक के लिए 34 गांवों की 77.33 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहीत की जाएगी. परियोजना के लिए अधिग्रहित की जाने वाले जमीन का मुआवजा ग्रामीण क्षेत्र में सर्किल रेट का चार गुणा और शहरों में सर्किल रेट का दो गुणा दिया जाना प्रस्तावित है.

इन गांवों से गुजरेगा रेलवे ट्रैक

रेल परियोजना फिरोजपुर बांगर, झिंझौली, हलालपुर, नाहरा, मंडौरा, गढ़ी बाला, बिंधरौली, भौवापुर, नसीरपुर, रोहट, हरसाना कलां, बैंयापुर, लहराड़ा, ककरोई, महलाना, गढ़ी ब्रह्मणान, सोनीपत, उल्देपुर, ठरू, शहजादपुर, सांदल खुर्द, सांदल कलां, चटिया ओलिया, पांची जाटान, उदेशीपुर, अगवानपुर, मछरौली, गुमढ़, गन्नौर, खीजरपुर अहीर, खेड़ी गुज्जर, जफरपुर तथा भौरा रसूलपुर से गुजरेगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.