हरियाणा में बदमाशों के हौसले बुलंद, दिनदहाड़े कंपनी से 38 लाख रुपए के सामान की लूट

सोनीपत | हरियाणा में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि वो दिनदहाड़े चोरी और लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देने लग गए हैं और इस दौरान उन्हें कानून का कोई डर नहीं रहा है. ताज़ा मामला सोनीपत के बहालगढ़ इंडस्ट्रियल एरिया का है जहां बदमाशों ने दोपहर के 12 बजे स्टील फैक्ट्री से 38 लाख रुपये का स्क्रैप और ट्रांसफार्मर लूट लिया. सुपरवाइजर को बंधक बनाकर इस पूरी घटना को अंजाम दिया गया है.

Firing

बातों में उलझा कर खुलवाया गेट

राई क्षेत्र के गांव मुकीमपुर निवासी प्रेम कुमार ने बताया कि वह दस साल से भूपेश स्टील कंपनी में सुरक्षा सुपरवाइजर हैं. 9 दिसंबर को दोपहर 12 बजे एक युवक उसके पास पहुंचा और उसे बातों में उलझाकर फैक्ट्री का दरवाजा खुलवा लिया. उसके बाद एक ट्रक में सवार होकर 7 अन्य लोग भी फैक्ट्री के अंदर आ गए. उन्होंने उसे बंधी बनाकर उसका मोबाइल फोन छिन लिया. इसके बाद बदमाशों ने फैक्ट्री में रखा 30 लाख रुपए की कीमत का ट्रांसफार्मर और 7.50 लाख रुपए का स्क्रैप ट्रक में लोड कर लिया. इसके अलावा 50 हजार रुपए का अन्य सामान भी ट्रक में लाद लिया.

इसके बाद दो बदमाश वहीं पर रुक गए और ट्रक को वहां से रवाना कर दिया. इसके बाद वो दोनों बदमाश उसे जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग निकले. बदमाशों के जाते ही उसने फैक्ट्री के सामने स्थित एक दुकानदार का मोबाइल लेकर लूट की घटना से मालिक को अवगत कराया.

यह भी पढ़े -  हरियाणा के इस खेल स्टेडियम की बदलेगी तस्वीर, आधुनिक मल्टीपर्पज हॉल व सिंथेटिक ट्रैक की मिलेगी सुविधा

तीन बदमाशों की हुई पहचान

वहीं, इस घटना को लेकर कंपनी के डायरेक्टर अतुल अग्निहोत्री ने पुलिस को बताया कि CCTV में दिख रहे छह बदमाशों में से 3 को वह पहचानते हैं. वह पहले भी कई बार फैक्ट्री में आ चुके हैं. उनकी पहचान पलड़ी गांव के रहने वाले नवीन कुमार, प्रवीण कुमार व युसुफ के रूप में हुई है. वहीं इस मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ट्रक के नंबर के आधार पर बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. तीन बदमाशों को कंपनी मालिक ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान लिया है. जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.