कैथल | हरियाणा के कैथल जिले से एक बेहद ही दर्दनाक खबर सामने आई है. यहां कलायत क्षेत्र के गांव बालू में आसमानी बिजली ने अपना कहर ढहाया है, जिसमें परिवार के इकलौते बेटे 20 वर्षीय संजू की जान चली गई है. उसका रिश्ता पक्का हो चुका था और कुछ दिनों बाद शादी होनी थी.
खेत में बना रहा था तूड़ी
मिली जानकारी के अनुसार, संजू शाम 8 बजे के करीब खेतों में तूड़ी बनाने का काम कर रहा था. जब वह चाय पीने के लिए खेत में बने एक मकान में आया तो अचानक से आसमानी बिजली गिरी और वह उसकी चपेट में आने से झुलस गया. आनन- फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
3 बहनों का था इकलौता भाई
छोटे से किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाला संजू तीन बहनों का इकलौता भाई था. वहीं, घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वहां उपस्थित लोगों से पूछताछ की. फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवाया गया है.
