बहादुरगढ़ | हरियाणा में एम्पलाइज स्टेट इंश्योरेंस (ESI) की सुविधाओं में बड़े स्तर पर इजाफा हो रहा है. बहादुरगढ़ में बन रहे ईएसआई हॉस्पिटल का निरीक्षण करने पहुंचे रीजनल डायरेक्टर मुरलीधर ने बताया कि झज्जर जिले में 4 नई ईएसआई डिस्पेंसरी सहित पूरे हरियाणा में 21 नई ईएसआई डिस्पेंसरी बनाने का काम तेज गति से आगे बढ़ रहा है.

सितंबर में शुरू होगा 100 बेड का हॉस्पिटल
उन्होंने बताया कि इसी साल सितंबर तक बहादुरगढ़ में बन रहे 100 बेड के ESI हॉस्पिटल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा. ईएसआई हॉस्पिटल का निरीक्षण करने पहुंचे मुरलीधर ने यहां बहादुरगढ़ चैंबर आफ कमर्स एंड इंडस्ट्रीज के साथ-साथ फुटवियर क्लस्टर के पदाधिकारियों से भी मुलाकात की और ईएसआई लाभार्थियों के आधार सीडिंग को लेकर भी उद्योगपतियों का पक्ष जाना.
ESI लाभार्थियों को मिलते हैं ये फायदे
ESI के रीजनल डायरेक्टर मुरलीधर ने बताया कि सभी ईएसआई लाभार्थियों को अपना आधार कार्ड अपडेट कराते रहना चाहिए. इन लोगों को किडनी, लीवर और बोन मैरो ट्रांसप्लांट के लिए 5 लाख से 25 लाख रुपए तक की आर्थिक मदद की जाती है. उन्होंने कहा कि 100 बेड का ईएसआई हॉस्पिटल बनने से बहादुरगढ़ के श्रमिकों को काफी राहत मिलेगी.
बता दें कि बहादुरगढ़ के HSIIDC के सेक्टर- 17 में फुटवियर क्लस्टर के पास ही 5 एकड़ जमीन पर करीब 68 करोड़ रुपए की लागत से ईएसआई हॉस्पिटल का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है. इसके सितंबर में पूरा होने की उम्मीद जताई गई है. वहीं, इस हॉस्पिटल में मशीन इंस्टॉल करने और स्टाफ की नियुक्ति को लेकर उद्योगपतियों का कहना है कि जल्द ही इस संबंध में सीएम नायब सैनी और स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात करेंगे.