हरियाणा की इस सीट पर पहली बार खिला कमल, जाट वोटर्स के बंटवारे ने डुबोई कांग्रेस की लुटिया

सोनीपत | हरियाणा में विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हो चुके हैं और BJP 48 सीटें जीतकर लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है. इस बार के चुनाव में कई सीटों पर अप्रत्याशित जीत देखने को मिली है. बीजेपी ने कई सीटों पर पहली बार जीत हासिल की है. ऐसा ही कुछ चुनावी परिणाम सोनीपत जिले की गोहाना सीट पर देखने को मिला है जहां बीजेपी ने पहली बार बाजी मारी है.

Bhartiya Janta Party BJP

गोहाना सीट पर खिला कमल

बीजेपी प्रत्याशी अरविंद शर्मा ने कांग्रेस की 19 साल पुरानी किलेबंदी को तोडते हुए गोहाना सीट पर कमल का फूल खिलाने का काम किया है. उन्होंने 10429 वोटों से जीत हासिल करते हुए पहली बार गोहाना से बीजेपी की जीत पर मुहर लगाई है. उन्होंने गोहाना से लगातार 4 बार के विधायक जगबीर मलिक को हार का स्वाद चखाया है.

गोहाना सीट का इतिहास

1966 में हरियाणा गठन के साथ ही अस्तित्व में आई गोहाना विधानसभा सीट पर अब तक एक उपचुनाव समेत 14 बार विधानसभा चुनाव हुए हैं. यहां पर बीजेपी अभी तक जीत से महरूम थी. हालांकि, 2014 और 2019 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने कुछ हद तक अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन जीत से कोसों दूर थी. इस बार के चुनाव में बीजेपी ने ब्राह्मणों के बड़े नेता अरविंद शर्मा को चुनावी रण में उतारा और उन्होंने गोहाना विधानसभा सीट पर पहली बार कमल खिला दिया है.

यह भी पढ़े -  शहरी निकाय चुनावों के लिए हरियाणा कांग्रेस ने घोषित किए उम्मीदवार, इन प्रत्याशियों पर खेला दांव

बीजेपी की जीत की वजह

  • ब्राह्मण समाज का बड़ा और मजबूत चेहरा तथा गैर- जाट वोटर्स का एकतरफा समर्थन.
  • निर्दलीय प्रत्याशी हर्ष चिकारा और राजबीर दहिया के मैदान में उतरने से जाट वोटर्स बंट गए और यही बीजेपी की जीत की सबसे बड़ी वजह बनी.
  • भाजपा द्वारा बिना पर्ची खर्ची के नौकरी देने का फायदा मिला.
  • शहरी वोटर्स ने उनकी झोली भरी और गांवों में भी अच्छे वोट मिले.
  • कांग्रेस की गुटबाजी का फायदा मिला.
  • भाजपा से टिकट के स्थानीय दावेदारों को मैनेज करने में कामयाब रहे.
  • जाट वोटर्स का भी बखूबी साथ मिला.

गोहाना से विधायक रहे नेताओं की लिस्ट

  • 1967- रामधारी गौड़ (कांग्रेस)
  • 1968- रामधारी गौड़ (कांग्रेस)
  • 1972- रामधारी गौड़ (कांग्रेस)
  • 1977- गंगाराम (कांग्रेस)
  • 1982- किताब सिंह मलिक (लोकदल)
  • 1987- किशन सिंह सांगवान (लोकदल)
  • 1991- किताब सिंह मलिक (निर्दलीय)
  • 1996- जगबीर सिंह मलिक (हविपा)
  • 2000- डॉ. रामकुंवार सैनी (INLD)
  • 2005- धर्मपाल सिंह मलिक (कांग्रेस)
  • 2008- जगबीर सिंह मलिक (कांग्रेस)
  • 2009- जगबीर सिंह मलिक (कांग्रेस)
  • 2014- जगबीर सिंह मलिक (कांग्रेस)
  • 2019- जगबीर सिंह मलिक (कांग्रेस)
  • 2024- डॉ. अरविंद शर्मा (कांग्रेस)
Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.