नई दिल्ली | दिल्ली- जयपुर नेशनल हाईवे पर दोपहर करीब ढाई बजे हरियाणा रोडवेज बस के चालक ने शराब के नशे में बाइक सवार पिता- पुत्र को टक्कर मार कर कुचल दिया. जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के दौरान पिता- पुत्र हाइवे किनारे बाइक रोक कर खड़े थे.
इसी दौरान दिल्ली की तरफ जा रही हरियाणा रोडवेज बस के चालक ने आगे चल रही बस को ओवरटेक करने के चलते उपवन हाउसिंग सोसाइटी के सामने बस को तेज गति से निकालना चाहा तो बाइक पर बैठें पिता -पुत्र पर बस चढ़ा दी और उन्हें करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए अपने साथ ले गया.
इसी दौरान पीछे से आ रहे एक कार चालक ने अपनी जान जोखिम में डालकर बस के आगे लगवाई और बस को रुकवाया. पंजाब नंबर की बाइक सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही बहरोड़ पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से शवों को एंबुलेंस में रखवाया और उन्हें सीएचसी की मोर्चरी में शिनाख्त के लिए रखा.
सड़क दुघर्टना में मृतकों की हुई शिनाख्त
दोपहर को हरियाणा रोडवेज की बस की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मृत्यु को लेकर पुलिस ने अज्ञात शवों की पहचान कर ली है. थाना अधिकारी विनोद ने बताया कि मृतकों की पहचान ओल्ड लुधियाना पंजाब निवासी जसबीर सिंह पुत्र श्रवण सिंह व श्रवण सिंह के रूप में हुई है. जसबीर सिंह अपने पिता के साथ बुधवार को बहरोड से निमराणा जा रहें थे. ऐसे में वे बहरोड़ क्यों जा रहे थे,इसको लेकर जानकारी प्राप्त की जा रही है.
