नई दिल्ली | जब भी समुद्र का नाम आता है तो सबसे पहले उसके किनारे, बीच और लहरों की तस्वीर दिमाग में उभरती है… लेकिन क्या आप जानते हैं कि धरती पर एक ऐसा समंदर भी मौजूद है, जिसका कोई किनारा या तटरेखा नहीं है? यह कोई कल्पना नहीं है… जी हां, यह वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित भौगोलिक तथ्य है. उत्तरी अटलांटिक महासागर के बीच स्थित सारगासो सागर (Sargasso Sea) दुनिया का इकलौता ऐसा सागर है, जिसकी सीमाएं किसी जमीन से नहीं बल्कि समुद्री धाराओं से तय होती हैं. सारगासो सागर सदियों से वैज्ञानिकों, समुद्री खोजकर्ताओं और नाविकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है.

पुराने समय में इस रास्ते से गुजरने वाले नाविक इसे रहस्यमयी समुद्र मानते थे. उनका विश्वास था कि इसके शांत पानी और समुद्री घास के घने विस्तार में जहाज फंस जाते हैं और बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है. आधुनिक विज्ञान ने इन कहानियों को मिथक बताया है लेकिन इसकी अनोखी विशेषताएं आज भी शोध का विषय बनी हुई हैं.
सारगासो सागर
इस सागर की सबसे बड़ी खासियत इसका बेहद साफ और गहरा नीला पानी है. यहां पानी की पारदर्शिता इतनी अधिक है कि करीब 50 से 60 मीटर की गहराई तक आसानी से देखा जा सकता है. वैज्ञानिकों के अनुसार, इसकी स्वच्छता और शांत जल के नीचे एक बेहद संवेदनशील और समृद्ध समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र मौजूद है, जो समुद्री जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है. सारगासो सागर की एक और अनोखी बात यह है कि इसकी कोई स्थायी तटरेखा नहीं है. इसकी सीमाएं चार शक्तिशाली समुद्री धाराएं तय करती हैं.
पश्चिम में गल्फ स्ट्रीम, उत्तर में नॉर्थ अटलांटिक करंट, पूर्व में कैनरी करंट और दक्षिण में नॉर्थ अटलांटिक इक्वेटोरियल करंट इसे चारों ओर से घेरे रहती हैं. यही धाराएं मिलकर एक विशाल जल चक्र बनाती हैं, जिसके भीतर का पानी अपेक्षाकृत शांत रहता है. मौसम और समुद्री परिस्थितियों के अनुसार इसकी सीमाएं समय- समय पर बदलती भी रहती हैं.
भूरी समुद्री घास
इस सागर का नाम पुर्तगाली शब्द ‘सारगासो’ से लिया गया है, जिसका संबंध ‘सारगासम’ नाम की भूरी समुद्री घास से है. इस सागर की सतह पर इस घास के विशाल तैरते हुए मैदान दिखाई देते हैं. यह घास समुद्र तल या मिट्टी में नहीं उगती. जी हां, बिल्कुल सही सुना आपने. दरअसल, यह पानी की सतह पर ही विकसित होती है और वहीं फैलती रहती है. जहां कभी इस समुद्र को जहाजों के लिए खतरनाक माना जाता था, वहीं आज वैज्ञानिक इसे समुद्री जैव विविधता का महत्वपूर्ण केंद्र मानते हैं. सारगासम घास कई दुर्लभ मछलियों, केकड़ों, कछुओं और अन्य समुद्री जीवों को सुरक्षित आवास और भोजन उपलब्ध कराती है.
आधुनिक वैज्ञानिक शोध और सैटेलाइट अध्ययन भी यह साबित कर चुके हैं कि सारगासो सागर वैश्विक समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र का एक बेहद अहम हिस्सा है. अपनी अनोखी संरचना, रहस्यमयी इतिहास और समृद्ध जैव विविधता के कारण यह दुनिया के सबसे विशेष समुद्री क्षेत्रों में गिना जाता है.
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है। Haryana E Khabar किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है।