चंडीगढ़ | हरियाणा ने HIV नियंत्रण के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए देश के शीर्ष 6 प्रदर्शन करने वाले राज्यों में जगह बनाई है. राज्य ने राष्ट्रीय स्तर पर तय ‘95-95-95’ लक्ष्यों की दिशा में पिछले कुछ महीनों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है. स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. Sumita Misra ने बताया कि जनवरी 2026 के मुकाबले अब राज्य के प्रदर्शन में काफी सुधार हुआ है.
डॉ. Sumita Misra के मुताबिक जनवरी 2026 में HIV से जुड़े पहले ‘95’ लक्ष्य के तहत हरियाणा की उपलब्धि 85.2 प्रतिशत थी. अब यह आंकड़ा बढ़कर 93.2 प्रतिशत हो गया है. इसी तरह दूसरे ‘95’ लक्ष्य में भी राज्य ने सुधार किया है.
वायरल सप्रेशन दर्ज
जनवरी में यह 83.7 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 90.9 प्रतिशत तक पहुंच गया है. वहीं, तीसरे ‘95’ लक्ष्य (वायरल सप्रेशन) के मामले में हरियाणा पहले ही निर्धारित स्तर को पार कर चुका है. राज्य में 95.8 प्रतिशत वायरल सप्रेशन दर्ज किया गया है. इसका मतलब है कि उपचार ले रहे लोगों में वायरल लोड को नियंत्रित करने के स्तर पर राज्य ने बेहतर परिणाम हासिल किए हैं.
5 जिलों ने हासिल किया लक्ष्य
राज्य के कुछ जिलों ने HIV नियंत्रण से जुड़े प्रमुख मानकों पर विशेष उपलब्धि हासिल की है. कुरुक्षेत्र, कैथल, भिवानी, पंचकुला और यमुनानगर ने निदान, उपचार और वायरल सप्रेशन से जुड़े प्रमुख लक्ष्यों में ‘सुरक्षित’ का पूर्ण लक्ष्य दर्जा हासिल किया है. इन जिलों का प्रदर्शन राज्य के HIV नियंत्रण अभियान के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
लोक मीडिया अभियान
सरकार अब HIV को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दे रही है. युवाओं और संवेदनशील समुदायों को केंद्र में रखते हुए राज्यभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. इसके तहत 15 सितंबर से सभी जिलों में लोक मीडिया अभियान शुरू किया जाएगा.
