गणेश चतुर्थी पर बप्पा की स्थापना का न चूकें सही समय, इस खास मुहूर्त में करें पूजा और पाएं शुभ फल

ज्योतिष डेस्क | गणेश चतुर्थी को भगवान गणेश के जन्म उत्सव के तौर पर मनाया जाता है. इस दिन घरों से लेकर गणेश पंडालों तक गणपति बप्पा की प्रतिमा स्थापित की जाती है और विशेष पूजा- अर्चना होती है. इस साल गणेश चतुर्थी 14 सितंबर 2026 (सोमवार) को मनाई जाएगी. श्रद्धालु शुभ मुहूर्त में गणपति की स्थापना कर परिवार के साथ पूजा और आरती करेंगे.

Ganesh Ji Ganpati Bappa

इस बार गणपति स्थापना और पूजा के लिए सुबह 11:02 बजे से दोपहर 01:31 बजे तक का समय शुभ रहेगा. वहीं गणेश चतुर्थी पर वर्जित चन्द्रदर्शन का समय सुबह 09:06 बजे से रात 08:04 बजे तक रहेगा. गणेश चतुर्थी तिथि 14 सितंबर की सुबह 07:06 बजे शुरू होकर 15 सितंबर की सुबह 07:44 बजे तक रहेगी.

ऐसे करें स्थापना

गणेश चतुर्थी के दिन सुबह स्नान कर स्वच्छ वस्त्र पहनें और पूजा के स्थान को साफ करें. इसके बाद चौकी पर लाल या पीला कपड़ा बिछाकर अक्षत रखें. गणपति बप्पा की प्रतिमा को उत्तर या पूर्व दिशा की ओर मुख करके स्थापित करें. प्रतिमा पर गंगाजल छिड़कने के बाद उसके पास कलश स्थापित करें. कलश में आम के पत्ते, सिक्का, अक्षत और सुपारी डालें, मौली बांधें और ऊपर नारियल रखें.

यह भी पढ़े -  धनिया के ये छोटे उपाय खोल देंगे बंद किस्मत के दरवाजे, पैसा और परिवार दोनों से जुड़ा राज

अब घी का दीपक जलाकर गणपति और कलश पर टीका लगाएं. भगवान को फूल, दूर्वा और अक्षत अर्पित करें. भोग में मोदक, बेसन के लड्डू, तिल-गुड़ के लड्डू, नारियल के लड्डू, सूजी का हलवा, पंचामृत, केसरिया खीर और फल चढ़ा सकते हैं. पूजा के दौरान “ॐ गं गणपतये नमः” मंत्र का जाप करें और परिवार के साथ आरती करें.

कब करें विसर्जन

घर में स्थापित गणपति बप्पा का विसर्जन डेढ़ दिन, तीसरे, पांचवें या सातवें दिन किया जा सकता है. वहीं पंडालों और मंदिरों में स्थापित प्रतिमाओं के लिए अनंत चतुर्दशी के दिन विसर्जन का विशेष महत्व माना जाता है. प्रतिमा घर में रहने तक सुबह-शाम पूजा, आरती और भोग लगाने की परंपरा निभाई जाती है.

Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है। Haryana E Khabar किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.