हरियाणा में 17 सितंबर को जलेगा उम्मीद का उजाला, 39 लाख परिवारों के घर पहुंचेंगे दीये

चंडीगढ़ | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को हरियाणा में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस मौके पर प्रदेश के अंत्योदय परिवारों के घरों में दीये जलाए जाएंगे. हर लाभार्थी परिवार को सरकार की ओर से 2- 2 दीये निशुल्क उपलब्ध करवाए जाएंगे. इसके लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने जिलों के हिसाब से दीयों का आवंटन तय कर दिया है. विभाग ने एक दीये की खरीद के लिए 1 की दर निर्धारित की है.

Diya Deepak

दीयों की खरीद बाहर के किसी बाजार से नहीं होगी. जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों को अपने- अपने जिले के स्थानीय कुम्हारों से ही दीये खरीदने के निर्देश दिए गए हैं. प्रदेश में कुल 39,76,273 राशन कार्ड हैं. इनके आधार पर 79,52,546 दीयों का आवंटन किया गया है.

कुम्हारों को मिलेगा लाभ

प्रत्येक परिवार के हिस्से में दो दीये आएंगे. जिलावार आवंटन में हिसार को सबसे अधिक 5,76,608 दीये मिलेंगे. इसके बाद करनाल में 5,07,676, फरीदाबाद में 5,03,270, जींद में 4,47,660, सिरसा में 4,44,852 और यमुनानगर में 4,40,122 दीये दिए जाएंगे. पंचकूला के 66,727 राशन कार्ड परिवारों के लिए 1,33,454 दीये निर्धारित किए गए हैं.
सरकार के इस फैसले से कार्यक्रम के साथ स्थानीय कुम्हारों को आर्थिक फायदा पहुंचाने की भी कोशिश की गई है. जिलों में जरूरत के अनुसार कुम्हारों से दीये खरीदकर लाभार्थी परिवारों तक पहुंचाए जाएंगे. इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और कारोबार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

यह भी पढ़े -  जाम से परेशान शहरों के लिए हरियाणा सरकार का प्लान, इन 5 जगहों पर बनेगी रिंग रोड- बाईपास

देना होगा प्रमाण पत्र

जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक दीयों की खरीद और वितरण की पूरी प्रक्रिया देखेंगे. कार्यक्रम पूरा होने के बाद खरीद एवं आवंटन का प्रमाण पत्र विभाग को देना होगा. प्रमाण पत्र प्राप्त होने के बाद संबंधित जिलों को बजट जारी किया जाएगा. 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत लाभार्थी परिवार अपने घरों में दीये जलाएंगे. विभाग ने जिलों को समय पर खरीद और वितरण पूरा करने के निर्देश दिए हैं.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.